सांभरझील और उसके संरक्षण से जुड़े कुछ पहलु

सांभरझील और उसके संरक्षण से जुड़े कुछ पहलु

रेतीले धोरो, सुखी पहाड़ियों एवं कंटीली झाड़ियों से घिरी सांभर झील कई मौसमी नदियों और नालों से आये खारे जल से समृद्ध आर्द्र भूमि होने के साथ सर्दियों में विभिन्न प्रकार के प्रवासी पक्षियों का आशियाना भी है, जो भारत का एक अनूठा पारिस्थितिक तंत्र है…

राजस्थान में स्थित सांभर झील भारत की सबसे बड़ी “लवण जल” अर्थात “खारेपानी” की झील है। इस का प्राचीन नाम, हर्ष शिलालेख 961 ई. में वर्णित, शंकरनक (शंकराणक) था। इसी नाम की देवी के बाद इस का प्राचीन नाम शाकंभरी (शाकंभरी) भी था। सांभर को साल्ट लेक, देवयानी और शाकंभरी मंदिर के तीर्थ के लिए भी जाना जाता है। प्रत्येक वर्ष उत्तरी एशिया एवं यूरोप से सर्दियों के दौरान हजारों की संख्या में विभिन्न प्रजातियों के प्रवासी पक्षी यहाँ आते हैं। इस झील के अंतरराष्ट्रीय महत्व को समझते हुए इसे वर्ष 1990 में एक रामसर स्थल के रूप में नामांकित किया गया। इस झील का किनारा अद्वितीय है i  क्योंकि इस में पोटेशियम की मात्रा कम व सोडियम की मात्रा अधिक है, जिसके चलते इस झील से एक बड़े पैमाने पर नमक का उत्पादन भी किया जाता है परन्तु धीरे-धीरे ये नमक उद्योग, झील तथा यहाँ आने वाले पक्षियों के लिए मुश्किलों का सबब बनता जा रहा है।

सांभर झील मुख्यरूप से नागौर और जयपुर जिले में स्थित है तथा इसकी सीमा का कुछ भाग अजमेर जिले को भी छूता है। यह एक अण्डाकार झील है जिसकी लंबाई 3.5 किमी तथा चौड़ाई 3 से11 किमी है। इसकी परिधि 96 किमी है जो चारों तरफ से अरावली पहाड़ियों से घिरी हुई है। इस झील का कुल जल ग्रहण क्षेत्र 5700 वर्ग किमी का है। मानसून के बाद शुष्क मौसम के दौरान इस झील के पानी का स्तर 3 मीटर से घटकर 60 सेमी तक रह जाता है, वहीं दूसरी ओर इस जल क्षेत्र का क्षेत्रफल190 से 230 वर्ग किलोमीटर तक बदलता है। चार मुख्य नदियां (मेंढा, रूपनगढ़, खारी, खंडेला), कई नाले और सतह से अपवाहित जल इस झील के मुख्य जलस्रोत हैं।

सांभर झील कि जैव विविधता

इस आर्द्रभूमि का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्व है क्योंकि प्रत्येक वर्ष सर्दियों के दौरान हजारों की संख्या में प्रवासी पक्षी यहाँ आते हैं। सर्दियों में यह झील, कच्छ के रण के बाद फुलेरा और डीडवाना के साथ, भारत में फ्लेमिंगो (Phoenicopterus roseus & Phoniconaias minor) के लिए सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र है। इस झील में पेलिकन, कॉमन शेल्डक, रेड शैंक, ब्लैक विंगड स्टिल्ट, केंटिश प्लोवर, रिंग्ड प्लोवर, रफ और रिवर लैपिंग भी पाए जाते हैं। शर्मा एवं चौमाल 2018, के अनुसार अब तक इस झील से एल्गी की 40 से अधिक प्रजातियां दर्ज की गयी हैं। झील में उगने वाले विशेष प्रकार के एल्गी एवं बैक्टीरिया इसके पारिस्थितिक तंत्र का आधार है, जो जल पक्षियों का भोजन बन उनका समर्थन करते है।

सांभर झील में विचरण करते फ्लेमिंगो (फोटो: डॉ. धर्मेंद्र खांडल)

सांभर झील के पास Peregrine falcon (फोटो: डॉ. धर्मेंद्र खांडल)

नमक उत्पादन – इतिहास कि नजर से

जैव विविधता की दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ सांभर झील पुरातत्व दृष्टिकोण से महत्त्वपूर्ण एवं मुगलकालिक नमक उदपादक क्षेत्र भी है। जोधा बाई (जयपुर राज्य के भारमल की बेटी) या मरियम-उज़-ज़मानी की शादी अकबर से 20 जनवरी, 1562 को सांभर लेक टाउन में हुई थी। झील से नमक आपूर्ति मुगल वंश (1526-1857) द्वारा आरम्भ किया गया, जो बाद में जयपुर और जोधपुर रियासतों के संयुक्त रूप से स्वामित्व में था। 1884 में, सांभर झील में किए गए छोटे पैमाने पर उत्खनन कार्य के हिस्से के रूप में क्षेत्र में प्राचीन मूर्तिकला की खोज की गई थी। पुरातत्व विभाग ने नलसर नामक स्थान पर सांभर में खुदाई की थी जिसने इसकी प्राचीनता का संकेत दिया था। उस खुदाई के दौरान, मिट्टी के स्तूप के साथ कुछ टेराकोटा संरचनाएं, सिक्के और मुहरें मिलीं। सांभर मूर्तिकला बौद्ध धर्म से प्रभावित प्रतीत होती है। बाद में, 1934 के आसपास, एक बड़े पैमाने पर व्यवस्थित और वैज्ञानिक उत्खनन किया गया था जिस में बड़ी संख्या में टेराकोटा मूर्तियाँ, पत्थर के पात्र और सजे हुए डिस्क पाए गए थे। सांभर की कई मूर्तियां अल्बर्ट हॉल संग्रहालय में मौजूद हैं।

वर्तमान में नमक-वाष्पीकरण पैन और शोधन कार्य झील के पूर्वी किनारे पर स्थित हैं। सांभर झील के किनारे तीन गाँव बसे हुए हैं, पूर्वी तट पर सांभर, उत्तर-पश्चिमी तट पर नवा और इनके बीच में गुढ़ा। इन गाँवों के लोग नमक उद्योग पर निर्भर हैं। प्रतिवर्ष इस झील से लगभग 2,10,000 टन नमक का उत्पादन किया जाता है। परन्तु कुछ स्थानीय लोग बोरवेल द्वारा पानी की निकासी कर सालाना 15-20 लाख मैट्रिक टन से भी अधिक नमक का उत्पादन करते है जिसके फलस्वरूप आज राजस्थान भारत के शीर्ष तीन नमक उत्पादक राज्यों में से एक है। लगभग 30 -35 वर्ष पूर्व यहाँ मत्स्य व्यापार भी किया जाता था क्योंकि वर्ष 1985 में, सांभर में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई थी तथा यह स्थिति एक वर्ष तक बनी रहने के कारण यहाँ मत्स्य संसाधनों में वृद्धि कर व्यापार शुरू किया गया। वर्ष 1992 में, फिर से झील में भारी वर्षा के कारण मत्स्य संसाधनों में दुबारा वृद्धि हुई परन्तु पहले चरण में जीवित रहने के बाद जब पानी की लवणता 1से1.20 हो गई तो मत्स्य पालन के लिए खतरा पैदा हो गया, अंततः उनकी मृत्यु हो गई और इसका कोई व्यावसायिक मूल्य नहीं रहा।

सांभर झील के किनारों पर बने नमक वाष्पीकरण की इकाइयां दर्शाता मानचित्र

नमक उत्पादन–वर्तमान स्थिति

वर्तमान में सांभर झील पर 5.1 किमी लंबा बलुआ पत्थर का बांध भी बना हुआ है जो इस झील को दो भागों में विभाजित करता है। खारे पानी की सांद्रता एक निश्चित सीमा तक पहुंचने के बाद, बांध के फाटकों को खोल पानी को पश्चिम से पूर्व की ओर छोड़ दिया जाता हैं। इस बांध के पूर्व में ही नमक के वाष्पीकरण वाले तालाब हैं जहाँ पिछले हजार से भी अधिक सालों से नमक की खेती की जाती है। नमक उत्पादन का नियंत्रण स्थानीय समुदायों से राजपूतों, मुगलों, अंग्रेजों और अंत में आज यह सांभर साल्ट्स लिमिटेड, जो हिंदुस्तान साल्ट्स लिमिटेड (भारत सरकार) जयपुर विभाग और अजमेर व् नागौर  खनन विभाग (राजस्थान सरकार) के बीच एक संयुक्त उद्योग है। इनके अलावा कुछ निजी ठेकेदार जिनकी भूमि झील के पास स्थित है नमक का उत्पादन करते है।

वहीँ दूसरी ओर देखे तो आज नमक निष्कर्षण की पारंपरिक प्रक्रिया जो मानसून पर निर्भर हुआ करती थी लगभग समाप्त हो गई है। अब ठेकेदार छोटी अवधि में अधिक से अधिक नमक निकालने की कोशिश करते हैं। सांभर झील में नदियों और नालों पानी झील के तलछट के साथ प्रतिक्रिया कर नमक बनाता है, जिसे क्रिस्टलीकृत नमक को पीछे छोड़ते हुए वाष्पित होने में लगभग 50 – 60 दिन लगते हैं। परन्तु आज अधिकांश ठेकेदार इस प्रक्रिया अवधि को 15 – 20 दिनों की करने के लिए भूजल का उपयोग करते हैं तथा इसके लिए गहरे अवैध बोरवेल लगाए गए हैं। भूजल के अत्यधिक इस्तेमाल ने क्षेत्र में भूजल का स्तर लगभग 40 फीट तक कम कर दिया है तथा इस से आस-पास के गांवों में पानी की कमी होने लगी है।

आज ठेकेदारों द्वारा झील से ज्यादा से ज्यादा नमक निकला जाता है (फोटो: डॉ. धर्मेंद्र खांडल)

मानवीय हस्तक्षेप

सांभर झील के पारिस्थितिक तंत्र पर खतरे के लिए विभिन्न कारक जिम्मेदार है जैसे की झील के जल ग्रहण क्षेत्र के लैंडयूज पैटर्न में भी बदलाव हो रहा है। नमक उत्पादक इकाइयाँ झील के किनारों के ऊपर आ गई हैं और मेंढा व् रूपनगढ़  से आने वाले पानी को रोक रहीं हैं। हालांकि झील का जल ग्रहण क्षेत्र बहुत विशाल है, परन्तु फिर भी इसे मानवीय हस्तक्षेप के कारण बहुत कम अपवाह प्राप्त हो रहा है। जल ग्रहण क्षेत्र में अनियोजित निर्माण ने वर्षा जल के प्रवाह को भी रोक दिया है। सूखे की वजह से, सरकार ने कृषि के लिए चेक डैम और एनीकट बनाकर पानी की कटाई व् भूजल  के स्तर को सुधारने की एक पहल की। परन्तु इस से, झील का जल प्रवाह पूरी तरह से जल ग्रहण क्षेत्र से बंद हो गया है। पानी में लवणता बढ़ने के परिणाम स्वरूप कुछ प्रमुख नमक निर्माता संसाधनों का दोहन कर रहे हैं तो कुछ कम और सीमांत नमक निर्माता झील की परिधि में उप-मिट्टी से नमक निर्माण कर रहे हैं।

मानवीय हस्तक्षेपों के चलते झील में लवणता बढ़ गयी है जिसके परिणाम स्वरूप आज जीवों की विविधता कम हो रही है जैसे की ग्रीन एल्गी जो शुरू में ताजे पानी में ज्यादा पायी जाती थी, आज पूरी तरह से गायब हो गई है। कभी वर्ष 1982-83 में, 5 लाख से अधिक फ्लमिंगोस को इस झील में गिना गया, तो बड़ी संख्या में पेलिकन भी सर्दियों के दौरान इस झील में एकत्रित हुआ करते थे। परन्तु वर्ष 2008 में फ्लमिंगोस की संख्या घटकर 20,000 हो गई।

विडम्बना

स्थिति की विडम्बना यह है कि विभिन्न प्रकार के प्रवासी पक्षियों के लिए इसके महत्त्व को समझते हुए भी सांभर को आज एक नमक के स्रोत के रूप में ही जाना जाता है। ऐसा नहीं है की भारत सरकार ने इसके संवर्धन के लिए कोई योजना नहीं बनायीं हैं क्योंकि, यदि वर्ष 2015 की लोकसभा की एक पत्रावली को देखे तो 7.19 करोड़ रुपये राशि सांभर झील के विकास के लिए दिए गये थे; परन्तु जिम्मेदारी पूर्ण नीति के अभाव में सांभर कि आर्द्रभूमि आज संकटग्रस्त है, सरकार को सर्वप्रथम इस स्थान को संरक्षित करना चाहिए तथा इसकी जैव-विविधता को संरक्षित करने के लिए निति बनानी चाहिए।

  

राजस्थान के एक शहर में मानव एवं मगरमच्छ के मध्य संघर्ष

राजस्थान के एक शहर में मानव एवं मगरमच्छ के मध्य संघर्ष

मगरमच्छ हमारे पारिस्थितिक तंत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, परन्तु अब यह हमारे घरों में क्यों आ रहा है ? कही ऐसा तो नहीं हम ही इसके घर में चले गए हैं ? यह सब एक विस्तृत शोध का विषय है। यहाँ बी.बी.सी. न्यूज द्वारा प्रकाशित दिनांक 31.01.2019 की मुख्य पंक्ति मुझे याद आती है जिसमें माना गया है की भारतीय लोग अपने गाँवों को मगरमच्छ के साथ साझा करते हैं।

भारत में कई राज्य ऐसे भी हैं जहाँ पर अक्सर मानव और मगरमच्छ के बीच संघर्ष होते रहते है, इनमें महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में होकर बहने वाली कृष्णा एव इसकी सहायक नदी के किनारे बसे गाँवो से अक्सर मानव और मगरमच्छ के बीच संघर्ष की खबरें सुर्खियों में रहती हैं, राजस्थान से जाने वाली माही नदी जिसका विलय गुजरात की साबरमती नदी में होता है, के आसपास से अक्सर मानव और मगरमच्छ के बीच संघर्ष की खबरें दस्तक देती रहती हैं।

कोटा वासी भी अपने शहर के कुछ हिस्सों को मगरमच्छ के साथ साझा करते हैं, कोटा बैराज के दायीं और बायीं ओर सिंचाई हेतु नहर है, बायीं नहर कोटा शहर के जिस क्षेत्र से गुजरती है वह क्षेत्र थोड़ी ऊंचाई पर होने के कारण वहां मगरमच्छ के संघर्ष कम होते हैं किन्तु दायीं नहर का क्षेत्र कोटा बैराज से नीचे होने के कारण यहाँ मानव का मगरमच्छ से संघर्ष ज्यादा होता है। पिछले कुछ वर्षो में कृषि भूमि पर जो कॉलोनियां विकसित हुई हैं जैसे थेकडा रोड़ पर बसी कालोनियाँ, नया नोहरा, नम्रता आवास, बजरंग नगर, शिव नगर आदि बोरखेड़ा क्षेत्र में बसी हुई कई कॉलोनियां मानव एवं मगरमच्छ के संघर्ष का केन्द्र बनी हुई हैं।

हम कोटा में मगरमच्छ से संघर्ष की बात करें और “चन्द्रलोई“ नदी का नाम न ले ऐसा नहीं हो सकता, कोटा क्षेत्र की मगरमच्छ की सबसे बड़ी आबादी इसी नदी व इसमें आकर मिलने वाले विभिन्न मलनलों में फलफूल रहीं हैं। यह नदी कोटा से लगभग 21 कि.मी. दूर मवासा से प्रारम्भ होकर मानस गाँव पहुंच कर चम्बल नदी में मिल जाती है इसी नदी में मिलने वाला एक बरसाती नाला है जो अब “मलनल“ हो गया है इसमें अब बरसात का पानी कम और “व्यवसायिक बहिःस्त्राव“ ज्यादा मिलता है जो सीधा चल्द्रलोई नदी में होकर चम्बल नदी में आकर विलय होता है,  इस व्यवसायिक बहिःस्त्राव के कारण वर्णित मलनल में जल का प्रदूषण इस स्तर तक बढ़ गया है की इस व्यवसायिक बहिःस्त्राव के कारण मलनल में  निवास करने वाले मगरमच्छों पर सफेद रंग के केमिकल की परत चढ़ गयी है और सभी मगरमच्छ सफेद हो गये हैं, कभी कभी हम किसी नये व्यक्ति से यह व्यंग्य कर देते हैं कि सफेद रंग के मगरमच्छ पूरे विश्व में सिर्फ यहीं पाये जाते हैं।

आवासीय क्षेत्र से मगर को रेस्क्यू करते हुए गश्ती दल के सदस्य

प्रदुषण के कारण मलनल में ऑक्सीजन की मात्रा बहुत कम होने पर भी मगर के बने रहने से लगता है की कि प्रलय के उपरांत पृथ्वी पर मगरमच्छ आखिरी जीव होगा। 

शोध में यह स्पष्ट हो चुका है कि चन्द्रलोई नदी का जल न तो पीने के लिए उपयुक्त है न ही खेती के लिए। ऐसे प्रदूषित जल में हम यदि मगरमच्छ के भोजन की बात करें तो यह कहना बहुत कठिन होगा के उसके भोजन की पूर्ति जलीय जीवों से हो जाती होगी और यही यहाँ मगरमच्छ का मानव से संघर्ष का कारण बनता है , मुझे अच्छे से ध्यान आता है कि जुलाई 19 में चन्द्रेसल मठ के नजदीक एक एनिकट पर नहाते हुये बालक मनीष भील को तीन मगरमच्छ खींच कर नदी में ले गए थे वहीं जुलाई 2018 में एक मगरमच्छ द्वारा अपने खेत में काम कर रहे नसरत उल्लहा खान (40) पर हमला कर दिया गया था किन्तु उनके साथी ने तत्परता दिखाते हुये मगरमच्छ पर कुल्हाडी से वार किये जिसके कारण मगरमच्छ को अपने शिकार को छोडने पर मजबूर होना पडा, इस हमले में नसरत उल्लाह खान गम्भीर रूप से घायल हो गये थे। इस इलाके से गाय, बछडे, सुअर आदि पालतू या आवारा जानवर को मगरमच्छ द्वारा उठा ले जाने की घटनाऐं आम हैं, ऐसा प्रतीत होता है की यहाँ जल में भोजन की मात्रा कम होने के कारण, मगरमच्छ का मुख्य भोजन यही हो गया है।

कोटा की एक आवासीय बस्ती में घुसा मगर

उपरोक्त कठिन परिस्थितियों में भी वन मण्डल, कोटा के लाडपुरा रेंज की टीम और वन्यजीव मण्डल, कोटा के गश्तीदल की टीम सराहनीय कार्य कर रही है, उन्हें जहाँ कहीं से भी मगरमच्छ के रिहायशी इलाके में होने व मानव और मगरमच्छ के संघर्ष की सूचना मिलती है तो यह टीम तुरन्त वहाँ पहुँच कर मगरमच्छ को रेस्क्यू कर वापस प्राकृतिक निवास चम्बल नदी में व मुकन्दरा हिल्स टाइगर रिजर्व के सावन भादो डेम में छोड़ देती है।

मेरे द्वारा ऊपर कठिन परिस्थितियों शब्द का प्रयोग इसलिए किया गया क्योंकि मगरमच्छ को रेस्क्यू करने वाले उपरोक्त दोनो मण्डल के कर्मचारी न तो मगरमच्छ रेस्क्यू के लिए प्रशिक्षित हैं और न ही उनके पास रेस्क्यू के लिए उपकरण उपलब्ध हैं।

मगरमच्छ रेस्क्यू के आंकड़ों  का अध्ययन करने के बाद मैंने पाया कि विपरीत परिस्थिति में भी दोनो टीमों द्वारा वर्ष 2016 में 30, 2017 में 19, 2018 में 21, 2019 में 67 मगरमच्छ  रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर छोड़े गए, वहीं 2016 में 1, 2017 में 1, 2018 में 1, 2019 में 6 मगरमच्छ मृत पाये गए।  वर्ष 2019 में मगरमच्छ रेस्क्यू व मृत्यु की संख्या में वृद्वि भविष्य में मानव और “मगर“ बीच संघर्ष का जोखिम तो नहीं बढ़ा देंगी? 

कोटा शहर और चन्द्रलोई नदी में मानव से “मगर“ का संघर्ष खत्म हो जाएगा, यह तो कहना बहुत कठिन है किन्तु हम यह प्रयास तो कर ही सकते हैं कि चन्द्रलोई नदी में जल प्रदूषण शून्य हो जाए जिससे मगरमच्छ को जल में भोजन उपलब्ध हो और भोजन के लिए “मगर“ को मानव के साथ संघर्ष न करना पडे़।