“पिम्पा, राजस्थान के अत्यंत शुष्क वातावरण में उगने वाला सलाद पौधा जो भू उपयोग में आये बदलाव के कारण अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है।“
राजस्थान के थार मरुस्थल में उगने वाला एक पौधा, जिसके बारे में राजस्थान के लोगो को भी अधिक पता नहीं होगा, बहुत कम स्थानीय लोग ही इसे जानते है परन्तु थार मरुस्थल के कुछ लोग इसे सलाद की भांति खाने के उपयोग में लेते है I यह है Caralluma edulis, जिसे स्थानीय भाषा में लोग “पिम्पा” के नाम से जानते है इसका इस्तेमाल भोजन एवं दवा दोनों प्रकार से किया जाता है I यह राजस्थान के अत्यंत शुष्क क्षेत्र का एक मरुस्थलीय पौधा है I यह मुरैठ (Panicum turgidum) घास के साथ उगता हुआ देखा गया I यह जल को संगृहीत कर गर्म एवं अत्यंत शुष्क वातावरण में उगने के लिए अनुकूल होता है I अक्सर इसे कच्चा ही सलाद की भांति खाया जाता है I खाने में यह थोड़ा नमकीन होता है I अत्यंत चराई एवं भू उपयोग में आये बदलाव ने इसके अस्तित्व को संकटग्रस्त स्थिति में ला दिया है I
Caralluma edulis, भारत और पाकिस्तान का स्थानिक है तथा यह वनस्पतिक जगत के Asclepiadaceae परिवार का सदस्य है। (फोटो: डॉ. अमित कोटिया एवं डॉ. धर्मेंद्र खांडल)
Caralluma edulis एक बहुशाखित पौधा है जिसकी शाखाये सिरे से नुकीली होती है। (फोटो: डॉ. धर्मेंद्र खांडल)
Caralluma edulis, जल को संगृहीत कर थार मरुस्थल के चरम शुष्क इलाको में उगने के सक्षम है। (फोटो: डॉ. अमित कोटिया एवं डॉ. धर्मेंद्र खांडल)
एक सर्वे में इसे जैसलमेर के खुईयाला, बहरमसर धाम, देवा -II और चान्दन गाँवो के आस पास उगता हुआ देखा गया है I पिम्पा एक बहु शाखा वाला २०-३० सेंटीमीटर तक जमीन से ऊपर उगने वाला पौधा है जो Asclepiadaceae परिवार से सम्बन्ध रखता है I यह स्थानीय बाजार में कभी कभी बिकता भी है I कभी कभार कुछ लोग इसे एक सुंदरता बढ़ाने के लिए भी लगते है I राजस्थान के थार मरुस्थल से जुड़े वनस्पति वैज्ञानिको को इसे एक बार जरूर देखना चाहिए I
इसका तना स्वाद में नमकीन तथा बहुत ही रसीला होता है इसीलिए इस पौधे को सब्जी की तरह उगाया भी जाता है है। (फोटो: डॉ. अमित कोटिया)
“रेवेन, कर्ण कर्कश ध्वनि वाला विस्मयकरक पक्षी है, जिसमे इतनी विवधता पायी जाती है कि इस पर एक ‘कागशास्त्र’ कि रचना भी कि गई”
राजस्थान में एक कौआ मिलता है जिसे “पंजाब रेवेन” के नाम से जाना जाता है तथा स्थानीय भाषा में इसे “डोड कौआ” भी कहा जाता है क्योंकि यह आकार में सामान्य कौए से लगभग डेढ़ गुना बड़ा होता है। इस कौए को प्रसिद्ध पक्षी विशेषज्ञ “ऐ ओ ह्यूम (A O Hume)” ने पंजाब, उत्तरी-पश्चिमी भारत और सिंध से ढूंढा तथा इसका विवरण भी दिया। इस रेवेन की सबसे रोचक बात यह है की इसे देखने पर ये सामान्य कौए जैसा ही लगता है, परन्तु यदि ध्यान से देखा जाये तो आभास होता है की ये कौआ एकदम से इतना काला और बड़ा क्यों लग रहा है। कुछ संस्कृतियों में रेवेन को बुरे समय का संकेत माना जाता है तो कुछ में इसे अच्छा भी समझा जाता है, परन्तु वास्तव में रेवेन एक उल्लेखनीय पक्षी हैं, क्योंकि यह फॉलकन जैसे शिकारी पक्षी के समान एक उत्कृष्ट हवाबाज है। यह प्रजनन काल में अपने हवाई कौशल का प्रदर्शन भी करता है। वहीँ दूसरी ओर यह मृत जानवरों को खाकर हमारे पर्यावरण की सफाई और अन्य पक्षियों की तरह फल खाकर बीज प्रकीर्णन में भी मदद करते हैं।
पंजाब रेवेन आकार में सामान्य कौए से लगभग डेढ़ गुना बड़ा तथा इसके पूरे शरीर का रंग अधिक काला होता है। (फोटो: डॉ. धर्मेंद्र खांडल)
वर्गिकी एवं व्युत्पत्ति-विषयक (Taxonomy & Etymology):
सामान्य रेवेन (Common Raven) की आठ उप- प्रजातियों में से एक,पंजाब रेवेन एक बड़े आकार का काला पेसेराइन पक्षी है। सामान्य रेवेन, पूरे उत्तरी गोलार्ध में बहुत ही व्यापक रूप से वितरित है तथा रंग-रूप के आधार पर इसकी कुल आठ उप-प्रजातियां पायी जाती है। हालांकि हाल ही में हुए कुछ शोध ने विभिन्न क्षेत्रों से आबादियों के बीच महत्वपूर्ण आनुवंशिक अंतर भी पाए है। सामान्य रेवेन, उन कई प्रजातियों में से एक है जिन्हे मूलरूप से “लिनिअस (Carolus Linnæus)” द्वारा अपने 18 वीं शताब्दी के काम, सिस्टेमा नेचुरे (Systema Naturae) में वर्णित किया गया था, और यह अभी भी अपने मूल नाम करवउस्कोरस से जाना जाता है। इसके जीनस का नाम Corvus “रेवेन” के लिए लैटिन शब्द से लिया गया है और इसकी प्रजाति का नाम corax ग्रीक भाषा के शब्द “κόραξ” का लैटिन रूप है जिसका अर्थ है “रेवेन” या “कौवा”।
पंजाब रेवेन, C. c. subcorax, पक्षी जगत के Corvidae कुल का सदस्य है। पाकिस्तान के सिंध जिले और उत्तर-पश्चिमी भारत के आसपास के क्षेत्रों तक सीमित आबादी को मुख्यरूप से पंजाब रेवेन के रूप में जाना जाता है। कभी-कभी इसे C. c. laurencei नाम से भी जाना जाता है, यह नाम 1873 में “Father of Indian Ornithology” ऐ ओ ह्यूम (A O Hume) द्वारा सिंध में पायी जाने वाली आबादी को दिया गया था। स्थानीय भाषाओ में इसे कई अलग-अलग नामों से जाना जाता है जैसे राजस्थान में “डोड काक”, पंजाब में “डोडव काक” और ऊपरी सिंध में इसे “टाकणी” कहते है, टाकर का अर्थ एक ऊँची चट्टान होता हैं।
निरूपण (Description):
यह रेवेन की सभी अन्य उप-प्रजातियों से आकार में बड़ा होता है, परन्तु इसके गले के पंख (hackles) अपेक्षाकृत थोड़े छोटे होते हैं। इसका पूरा शरीर काले रंग का होता है, जिस पर एक गहरे नीले-बैगनी रंग की चमक प्रतीत होती है परन्तु इसकी गर्दन और छाती गहरे भूरे रंग की होती हैं। इसमें नर व् मादा रंग-रूप में एक से ही होते है परन्तु नर आकार में मादा से बड़ा होता है। 1.5 से 2 किलो वजन होने के कारण यह पक्षी जगत का सबसे भारी पेसेराइन पक्षी है और इसका वजन अधिक होने के बावजूद भी ये, उड़ान के समय फुर्तीले होते हैं। इसके बड़े आकार के अलावा, यह अपने रिश्तेदार “सामान्य कौवे” से कई वजहों से अलग होता हैं, जैसे की इसके शरीर का आकार 55-65 सेमी, पखों का विस्तार 115-150 सेमी तथा चोंच बड़ी, मोटी व काली होती है, गले के आसपास और चोंच के ऊपर झबरे पंख तथा पूंछ एक पत्ती के आकार की होती है। एक उड़ते हुए रेवेन को उसकी पूंछ के आकार, बड़े पंख और अधिक स्थिरता से उड़ने की शैली के कारण कौवे से अलग किया जाता है। वहीँ दूसरी ओर सामान्य कौए के शरीर का रंग ग्रे, आकार 40-45 सेमी, पखों का विस्तार 75-85 सेमी तथा चोंच थोड़ी पतली होती है।
अंग्रेजी प्रकृतिवादी “Eugene W. Oates” द्वारा बनाया गया तथा उनकी पुस्तक “The Fauna of British India” में प्रकाशित चित्र, जो पंजाब रेवेन व् अन्य रेवेन के गले के पंखों में अंदर दर्शाता है।
आकार व् रंग-रूप को देखते हुए, पंजाब रेवेन और सामान्य कौए में आसानी से अंतर कर उन्हें पहचाना जा सकता है। (फोटो: डॉ. धर्मेंद्र खांडल)
वितरण व आवास (Distribution & Habitat):
भारत में, पंजाब, बीकानेर, जोधपुर, जयपुर के उत्तरी भाग और सांभर झील तक पंजाब रेवेन का वितरण एक आम पक्षी के रूप में है तथा जमुना नदी के पूर्वी इलाको में कम देखने को मिलता है। दक्षिणी और पश्चिमी सिंध के कई हिस्सों की जलवायु व्पर्यावास पंजाब जैसी होने के बावजूद भी रेवेन सिर्फ प्रजनन के लिए ही आते हैं और एक स्थायी निवास बनाने में विफल रहते हैं जबकि निचले पंजाब में यह एक स्थायी निवासी है ।.K.Eates के अनुसार सिंध के ऊपरी इलाको में पाए जाने वाले रेवेन मुख्यतः प्रवासी होते है जो सितंबर और अक्टूबर माह में प्रजनन के लिए यहाँ आते है तथा मई में वापस चले जाते हैं। दक्षिण में इसे सांभर झील तक प्रजनन करते देखा गया है। भारत के अलावा यह बलूचिस्तान, दक्षिणी पर्शिया, मेसोपोटामिया, दक्षिणी एशिया और फिलिस्तीन में भी पाया जाता है। पंजाब रेवेन मुख्यरूप से वन प्रदेशों वाला पक्षी है परन्तु कभी-कभी इसे वनों से सटे मानव रिहाइश इलाकों के पास भी देखा जाता है।
भारत में पंजाब रेवेन का वितरण दर्शाता मानचित्र (Source: Birdlife.org and Grimmett 2014)
प्रजनन (Breeding):
रेवेन किशोर लगभग दो या तीन वर्ष की आयु के बाद अपने साथी जोड़े बना लेते है। युवा अवस्था में ये अक्सर झुण्ड में रहते है परन्तु एक बार जोड़ी बन जाये, तो ये पूरे जीवन साथ रहते व घोंसला बनाते हैं। एक साथी ढूंढने के लिए हवा में कलाबाजियां लगाना, बुद्धिमत्ता और भोजन प्रदान करने की क्षमता का प्रदर्शन करना प्रमुख व्यवहार हैं। एक जोड़ा आमतौर पर एक ही स्थान पर घोंसला बनाता है। इससे पहले कि वे घोंसले का निर्माण और प्रजनन शुरू करें प्रत्येक जोड़ी के पास अपने स्वयं का एक क्षेत्र होना चाहिए, और इस प्रकार यह एक क्षेत्र और उसके खाद्य संसाधनों का बचाव करते है भले ही उसके लिए आक्रामक ही क्यों न होना पड़े। इनके इलाके का क्षेत्रफल खाद्य संसाधनों के घनत्व के अनुसार भिन्न-भिन्न होता हैं। इनका घोंसला पेड़ों की छोटी टहनियों से बना एक गहरा कटोरा होता है, जिसका अंदरूनी हिस्सा पेड़ की छोटी जड़ों, छाल और हिरण के फर से पंक्तिबद्ध होता है। पक्षी विशेषज्ञ “ह्यूम” (A O Hume) अपनी पुस्तक “Nest & Eggs of Indian Birds” में बताते हैं की पंजाब रेवेन अपना घोंसला एक ऊँचे पेड़ पर बनाते हैं और हर दो घोंसलों के बीच लगभग सौ गज की दुरी तो होती ही है। यदि पक्षी घोंसले का निर्माण व मरम्मत जल्दी शुरू कर देते हैं, तो वे अक्सर बहुत धीमी गति से कार्य करते है। लेकिन अगर काम की शुरुआत देर से की जाती है तो लगभग एक हफ्ते में ही ये सारा काम पूरा कर लेते है। कुछ घोंसले उत्तराधिकार में कई वर्षों तक कब्जे में रहते हैं, और तब तक नहीं छोड़े जाते है जब तक वे पूरी तरह से नष्ट न हो जाये। कई बार ये अपना घोंसला ऊँची चट्टानों पर भी बनाते है, श्रीओस्मास्टन (Mr. Osmastan) कहते हैं कि रावल पिंडी के पास पंजाब रेवेन लगभग हमेशा एक चट्टान पर घोंसला बनाते थे। मादा दिसंबर से फरवरी माह के बीच में एक बार में 3 से 7 हल्के पीले नीले-हरे, भूरे धब्बे वाले अंडे देती है।
किशोरावस्था के बाद नर व् मादा पंजाब रेवेन प्रजनन के लिए जोड़ी बनाते हैं तथा प्रत्येक जोड़ी पूरे जीवनभर साथ रहती हैं। सामान्य कौए और पंजाब रेवेन में यह भी एक मुख्य अंतर है, क्योंकि जहाँ कौए अक्सर झुण्ड में देखे जाते हैं वहीँ पंजाब रेवेन हमेशा जोड़ी में दिखाई देते है। (फोटो: डॉ. धर्मेंद्र खांडल)
इसके आकार, सतर्कता और रक्षात्मक क्षमताओं के कारण, इसके कुछ प्राकृतिक शिकारी भी हैं। इसके अंडों के शिकारियों में उल्लू, मार्टिन्स और कभी-कभी ईगल शामिल हैं। रेवेन अपने बच्चों का बचाव करने में काफी जिम्मेदार होते हैं और आमतौर पर कथित शिकारियों पर हमलाकर उनको दूर करने में सफल होते हैं। ह्यूम बताते हैं की जब उनको पहली बार इस पक्षी का घोंसला मिला तो वह एक कीकर के पेड़ पर लगभग 20 फ़ीट की ऊंचाई पर था और उसमे पांच अंडे थे। उन अंडो को निकालने पर रेवेन ने बहुत ही आपत्ति जताई और पेड़ पर चढ़ने वाले आदमी के सिर पर हमला भी किया। हमारे द्वारा अंडे गायब कर देने के बाद दोनों पक्षी पेड़ पर बैठ गए और बड़े ही मनोरंजक तरीके से एक दूसरे की तरफ देखते हुए अपना सिर हिलाने लगे। फिर वो आसपास के हर पेड़ व् उनके खोखलों में झांक कर यह सुनिश्चित करने लगे की अंडे वास्तव में चले गए हैं।
आहार व्यवहार (Feeding habits):
पंजाब रेवेन, सर्वाहारी होने के कारण एक प्रजाति के रूप में ये हमेशा से ही सफल रहे है क्यूंकि ये पोषण के स्रोत खोजने में बेहद बहुमुखी और अवसरवादी है, तथा इनका आहार स्थान और मौसम के साथ व्यापक रूप से भिन्न हो सकता है। उदाहरण के लिए, कुछ स्थानों पर ये मुख्यरूप से मरे हुए जानवरों, कीड़ों और बीटल्स को खाते है। खेती-बाड़ी वाले इलाके के पास ये अनाज व फलों पर निर्भर रहते हैं। ये छोटे अकशेरूकीय, उभयचर, सरीसृप, छोटे पक्षियों और उनके अंडो का शिकार भी करते हैं। रेवेन जानवरों के मल, और मानव खाद्य अपशिष्ट के अवांछित भागों का भी भोजन की तरह उपभोग करते हैं। यदि इनके पास अधिक शेष भोजन हो तो ये खाद्य पदार्थों को संग्रहीत भी करते हैं।
बुद्धिमत्ता (Intelligence):
रेवेन को हमेशा से ही सभी पक्षियों से ज्यादा बुद्धिमान माना गया है। ये अन्य पक्षियों की आवाज की नक़ल कर सकते है। शिशु रेवेन का व्यवहार बहुत ही चंचल व् अलग-अलग चीजों से खेलने वाला होता है, जैसे ये हवा में तेज-तेज उड़कर एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश तो कभी कलाबाजियां खाते है और कभी पेड़ की छोटी डंडिया तोड़ कर भी खेलते है। इनमे आगे की योजना बनाने, बुनियादी साधनों को समझने और उन्हें अपनी पसंद का कुछ प्राप्त करने के लिए नियोजित करने की क्षमता भी रखते हैं। कुछ वैज्ञानिकों का कहना है कि वे ग्रह के सबसे चतुर पक्षी हैं; तो वहीँ दूसरों का तर्क है कि इनकी दिमागी क्षमता ऐप (Ape) से भी ज्यादा है।
पुराणशास्र (Mythology):
रेवेन हजारों वर्षों से मनुष्यों के साथ रहे हैं और कुछ क्षेत्रों में इतने अधिक हैं कि लोगों ने उन्हें कीटों के रूप में माना है। सदियों से, यह पौराणिक कथाओं, लोक कथाओं, कला और साहित्य का विषय रहा है। दुनियाभर के कई समुदायों में रेवेन को लेकर कहानियां हैं, लेकिन दुर्भाग्य से इनमे से कई नकारात्मक ही है। हिन्दू पौराणिक कथाओं में, रेवेन लोकप्रिय लेकिन अशुभ देवता शनि का वाहन है। कई समुदायों में रेवेन व् कौए को जीवन और मृत्यु के बीच ‘मध्यस्थ जानवर’ माना जाता हैं। जहाँ कुछ समुदायों में इन्हे अशुभ माना गया है वहीँ कुछ देखो में इसे जीत का प्रतिक मानते हुए इसकी मोहर सैनिको की पोशाक पर बनी रहती थी। पूर्वी एशिया में इनको किस्मत से जोड़ा जाता है तो अपने यहाँ मुंडेर पर बैठकर काँव-काँव करने वाले कौवे को संदेश-वाहक भी माना जाता है।
परन्तु इन सभी पौराणिक कथाओ से अलग हट कर हम रेवेन को देखे तो ये भी अन्य पक्षियों की तरह हमारे पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण है जो मृत जानवरों को खाकर पर्यावरण को साफ़ सुथरा रखते है।
सन्दर्भ:
Baker, E.C.S. 1922. The fauna of British India, including Ceylon and Burma. Birds- Vol. 1. 2nd London
Cover Image Picture Courtesy Dr. Dharmendra Khandal.
Gould, J. 1873. The Birds of Great Britain. Vol. 3. London.
Grimmett, R., Inskipp, C. and Inskipp, T. 2014. Birds of Indian Subcontinent. Digital edition.
एक नजर में दिखने पर किसी को अचम्भित कर देने वाला शर्मीले स्वभाव का वन्यजीव पैंगोलिन राजस्थान में बहुत ही कम तथा सीमित स्थानों पर पाया जाता है, इसकी दुर्लभता के कारण कभी किसी ने सोचा भी न होगा कि पैंगोलिन कि तस्करी राजस्थान से भी हो सकती है।
जून 2020 में मध्य प्रदेश वन विभाग कि स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक बड़ी सफलता के साथ वीडियो शेयरिंग साइट यूट्यूब (YouTube) पर पैंगोलिन शल्क बेचने वाले तस्करों के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है जिनकी पहचान शेर सिंह धाकड़ और राजस्थान के निवासी वकिल उर्फ पप्पू के रूप में हुई है। एसटीएफ के अधिकारी रितेश सरोठिया के अनुसार, एसटीएफ विंग ने शिवपुरी जिले के निवासी शेर सिंह धाकड़ के कब्जे से 2.7 किलोग्राम पैंगोलिन शल्क जब्त किया है। वैश्विक ग्राहकों को आमंत्रित करने के लिए उसने यू-ट्यूब पर अपना मोबाइल नंबर दिखाया था, एसटीएफ ने इसको पकड़ने के लिए एक ग्राहक भेजा और मौके पर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 10वीं कक्षा का टॉपर धाकड़, पप्पू से शल्क खरीदता था।
वीडियो शेयरिंग साइट यूट्यूब (YouTube) पर पैंगोलिन शल्क बेचने वाला शेर सिंह “शेरु” जब्त शल्कों के साथ (फ़ोटो: रितेश सरोठिया)
अवैध नेटवर्क के भंडाफोड़ के बाद एसटीएफ की यह 12 राज्यों से 165वीं गिरफ्तारी है। इससे पूर्व रणथंभोर स्थित टाइगर वॉच संस्था द्वारा दी गई एक महत्वपूर्ण सूचना के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए एसटीएफ द्वारा 27-28 किलो पैंगोलिन शल्क जब्त किया गया तथा एक तस्कर दम्पत्ति (मुन्नी और हरी सिंह) कि गिरफ़्तारी भी कि गई। कार्यवाही के दौरान पाया गया कि भिंड / मोरेना स्थित मोगया सहित अन्य शिकारी जाति के लोग इनकी तस्करी में मदद करते थे और बाघ, बघेरा और अन्य वन्यजीवों कि भी तस्करी में शामिल थे। विश्व में सबसे ज्यादा पैंगोलिन कि तस्करी की जाती है और हर दिन लगभग तस्कर और शिकारी पैंगोलिन शल्क के साथ पकड़े जाते हैं। इसका अन्धाधुन्ध शिकार, बड़े पैमाने पर तस्करी, तेजी से बढ़ता शहरीकरण व इनके घटते प्राकृतिक आवासों से इनकी संख्या में भारी गिरावट आयी है।
पैंगोलिन एक गैर आक्रामक खूबसूरत लेकिन शर्मीला स्तनधारी जीव है। दूर से देखने पर यह छोटा डायनासोर जैसा प्रतीत होता है। गहर-भूरे, पीले-भूरे अथवा रेतीले रंग के इस शुण्डाकार निशाचर जीव को फोलिडोटा (Pholidota) ऑर्डर में रखा गया है। पैंगोलिन का छोटा शरीर एक चीड़ शंकु (pine cone) के समान होता है जिसकी लम्बाई लगभग दो मीटर तथा वजन लगभग पैंतीस किलो तक का होता है। इसके शरीर पर केराटिन के बने शल्क नुमा (scaly) संरचना होती है जो कि इस मासूम जीव का एकमात्र रक्षा तंत्र है। पैंगोलिन ऐसे शल्कों वाला अकेला ज्ञात स्तनधारी है। हालांकि वर्मी (Armadillo) भी कवच युक्त होते हैं लेकिन उनका कवच चमड़े का बना होता है। खतरा महसूस होने पर ये चेहरे को पूंछ में छुपा कर खुद को लपेटकर अच्छी तरह से संरक्षित एक गेंद का रूप ले लेते हैं। नुकीले शल्क इन्हें शिकारियों से सुरक्षा प्रदान करते हैं। इनकी पूंछ नुकीले काँटों के रूप में विकसित होती है जिन्हें ये हथियार के रूप में इस्तेमाल करते हैं।
पैंगोलिन नाम मलय शब्द पेंगुलिंग से आया है, जिसका अर्थ है “जो लिपटकर गोल हो जाता है” भारत में इसे चींटीखोर, वज्रशल्क या सल्लू साँप भी कहते हैं। इस जिज्ञासु कीटभक्षी की विश्व भर में आठ प्रजातियां हैं जो अफ्रीकी और एशियाई महाद्वीप पर पाए जाते हैं। इन आठों ज्ञात प्रजातियों को मनीडे (Manidae) परिवार में रखा गया है। इस परिवार में इनको तीन जातियों में बांटा गया है, मानिस (Manis), फेटाजीनस (Phataginus) और स्मटसिया (Smutsia)। एशिया में पाई जाने वाली चारों प्रजातियां मनीस में शामिल हैं, जबकि अफ्रीका में रहने वाली चार प्रजातियां फेटाजीनस और स्मट्सिया में शामिल हैं।
भारतीय पैंगोलिन एक निशाचर प्राणी है जो दिन के समय अपनी माँद में आराम करते हैं और रात में भोजन कि तलाश में बाहर आते हैं। दिन में नींद व आराम में खलल न हो इस हेतु यह बिल के मुहाने को मिट्टी से हल्का सा बन्द कर देता है। ये लगभग 11 फुट गहरी सुरंग खोदकर अपने रहने के लिए 4 प्रकार के माँद का निर्माण करते हैं। पैंगोलिन मुख्यतः कीटभक्षी होते हैं, उनके आहार में अधिकांश चींटियों और दीमक की विभिन्न प्रजातियां शामिल हैं। इनके अलावा ये अन्य कीड़ों, विशेष रूप से लार्वा का भी उपभोग करते हैं। इन्हे आहार में ज्यादा बदलाव पसंद नहीं है, कीटों कि कई प्रजातियाँ उपलब्ध होने के बावजूद भी केवल एक या दो प्रजातियों का ही उपभोग करते हैं। एक पैंगोलिन प्रति दिन 140 से 200 ग्राम कीटों का उपभोग कर सकता है। (Mahmood et al., 2014)
पैंगोलिन की दृष्टि असामान्य रूप से कमजोर होती है जिसकी कमी अत्यधिक विकसित गंध लेने और सुनने की क्षमता से पूरी करते हैं। पैंगोलिन में दांतों कि भी कमी होती है इसलिए इनमें चींटियों और दीमक को खाने के लिए अन्य भौतिक विशेषताएँ विकसित हुई है। जैसे कि मजबूत कंकाल संरचना, मजबूत नुकीले नाखूनों से लैस पंजे। वे अपने शक्तिशाली पंजों का उपयोग दीमक के टीले खोदने और फाड़ने तथा शिकार को पेड़, जमीन और वनस्पति के बीच खोजने के लिए करते हैं। उनकी जीभ और पेट कि संरचना कीटों को पचाने में सहायता करती है। उनकी चिपचिपी लार चींटियों और दीमकों को जीभ से चिपकाने में सहायक होती है। दांतों कि कमी के कारण वे शिकार खोजते (foraging) समय छोटे पत्थरों को निगलते हैं जो उनके पेट में जमा होकर चींटियों को पीसने में मदद करता है। (Mohapatra et al., 2014)
खतरा महसूस होने पर पैंगोलिन एक स्कंक के स्प्रे के समान गुदा के पास ग्रंथियों से एक विषाक्त-महक वाले रसायन का उत्सर्जन कर सकता है। पैंगोलिन की जीभ विशालकाय चींटीखोर कि तरह बहुत लंबी होती है। बड़े पैंगोलिन 1.5 फुट तक अपनी जीभ का विस्तार कीट सुरंगों के अंदर जांच करने और अपने शिकार को प्राप्त करने के लिए उपयोग करते हैं।
पैंगोलिन अपने जीवन का अधिकांश भाग एकांत में व्यतीत करते हैं और वर्ष में केवल एक बार प्रजनन करने के लिए गर्मियों या सर्दियों में मिलते हैं। नर अपने क्षेत्र को मूत्र या मल से चिह्नित करते हैं जिससे कि मादाएँ उनको खोज सके। मादाओं के लिए प्रतिस्पर्धा होने पर नर अपने पूंछ का उपयोग आपसी युद्ध के लिए करते हैं। गर्भधारण की अवधि 65 से 70 दिनों कि होती है। इस दौरान नर व मादा पैंगोलिन जोड़े में रहते हैं। मादा साल में एक ही शिशु (पैंगोपप्स) को जन्म देती है। जन्म के समय वजन 80 से 450 ग्राम और औसत लंबाई 150 मिमी (6 इंच) होता है। जन्म के समय शल्क नरम और सफेद होते हैं जो कि कई दिनों के बाद एक वयस्क पैंगोलिन के समान कठोर और काले हो जाते हैं। थोड़े बड़े होने पर पैंगोपप्स को मादाएँ अपनी पूँछ पर बिठाकर जंगल में विहार कराने के दौरान सुरक्षा तथा भोजन खोजने व खाने का हुनर भी सिखाती है। कुछ महीनों बाद शिशु अपनी माँ से अलग हो जाता है। पैंगोलिन पेड़ों पर चढ़ने व पानी में तैरने में दक्ष होते हैं।
भारतीय पैंगोलिन कि उपस्थिति को विभिन्न प्रकार के वनों से दर्ज किया गया है, जिसमें श्रीलंकाई वर्षावन और मैदानी क्षेत्र से लेकर मध्य पहाड़ी स्तर शामिल हैं। यह घास के मैदानों और माध्यमिक जंगलों में भी पाया जा सकता है, तथा रेगिस्तानी क्षेत्रों के लिए अच्छी तरह से अनुकूलित है लेकिन बंजर और पहाड़ी क्षेत्र इसके पसंदीदा आवासों में शामिल है। कभी – कभी यह पैंगोलिन उच्चतम ऊंचाई वाले स्थान जैसे कि श्रीलंका के 1100 मीटर कि ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों और भारत में 2300 मीटर कि ऊंचाई वाले नीलगिरि पहाड़ों पर भी देखा गया है। यह नरम और अर्ध-रेतीली मिट्टी पसंद करता है, जो कि इनके बिल खोदने के लिए उपयुक्त होते है। (Mohapatra et al., 2015)
वैसे तो पैंगोलिन अपने पर्यावास में व्यापक रूप से वितरित हैं लेकिन कहीं भी आसानी से नहीं दिखते। वर्ष 2019 में राजस्थान के कुम्भलगढ़ वन्यजीव अभयारण्य में 25 सालों बाद पहली बार नजर आया। कुम्भलगढ़ के अलावा जयपुर, सवाई माधोपुर, बारां, और कोटा में भी इसकी उपस्थिति दर्ज कि गई है।(मानचित्र: समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों पर आधारित)
पैंगोलिन अपने प्राकृतिक आवासों में दीमक और चींटियों की आबादी को नियंत्रित कर प्राकृतिक सन्तुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान करते हैं। लेकिन ग्रामीण व आदिवासी लोग अपनी बेवकूफी व नासमझी के कारण निहायती भोले इन जीवों का बर्बरता पूर्वक शिकार करते हैं। साथ ही हाल के कुछ वर्षों में, लोगों द्वारा पेड़ों कि कटाई से वन क्षेत्र में व्यापक कमी आई है जिसने कई प्रकार के पर्यायवासों को नष्ट कर दिया है। नए और सुगम यातायात सुविधाओं और अच्छे पैसे मिलने के कारण शिकारियों ने स्थानीय और अंतर्राष्ट्रीय खपत के लिए कई दुर्लभ वन्यजीव प्रजातियों की तलाश और तस्करी तेजी से बढ़ा दी है। (Dr Jeff Salz, 2020)
चींटियों की बांबी के पास रहने वाले इस जानवर की तलाश में शिकारियों को मुश्किल नहीं होती। इसके अलावा इसे मारने के लिए उन्हें खास हथियार भी नहीं ले जाने पड़ते हैं। छूने या खतरे का आभास होने पर पेंगोलिन खुद को शल्कों (खोल) में समेटकर फुटबाल की तरह गोल हो जाता है। इसके बाद वह देख ही नहीं पाता कि उस पर हमला किया जा रहा है। शिकारी आसानी से उसे पीट-पीटकर मार डालते हैं।
इसका मांस लजीज होने से चीन व वियतनाम जैसे कई देशों के होटल व रेस्टोरेंट में खाने की लिए बेधड़क परोसा जाता है। वैश्विक स्तर पर इनके मांस, चमड़ी, शल्क, हड्डियां व अन्य शारीरिक अंगों की अधिक मांग होने से इनका बड़े पैमाने पर शिकार करवाया जाता है तथा राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर इनकी भारी मात्रा में तस्करी की जाती है। दूसरी ओर चीन व थाईलैंड जैसे कई देशों में इसके शल्कों का उपयोग यौनवर्धक औषधि व नपुसंकता दूर करने के लिये भी किया जाता है। जबकि आज तक इसका कोई वैज्ञानिक सबूत उपलब्ध नहीं है। पैंगोलिन से बने काढ़े और संक्रमित तरल पदार्थ से इलाज करवाने हेतु पिछले वर्ष तक चीनी सरकार द्वारा नागरिकों को स्वास्थ्य बीमा के रूप में मदद भी दी जाती थी।
यूएस पार्टी सर्किट में शल्क का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जाता है। हाल ही में इंटरपोल की एक रिपोर्ट के अनुसार, पैंगोलिन के 26 प्रतिशत शल्कों को अमेरिका में भेजा जाता है। शल्क का उपयोग क्रिस्टल, मेथामफेटामाइन (methamphetamine ) के निर्माण के लिए किया जाता है, जो पार्टी ड्रग क्रिस्टल मेथ या क्रैंक (crystal meth or crank) का एक महत्त्वपूर्ण घटक है। जानकारी के मुताबिक शल्कों को निकालने की लिये निर्दयतापूर्वक इन्हें जिन्दा ही खौलते गर्म पानी में डाल दिया जाता है। शल्कों का व्यापार गैर कानूनी होने के बावजूद भारत में आज भी इनकी बिक्री बेखौफ होकर धड़ल्ले से होती है।
हालांकि पर्यावरण एवं वन विभाग इन वन्य जीवों की ताजा स्थिति बताने में गुरेज करते हैं। लेकिन फिर भी कुछ राज्यों के विभाग इनके संरक्षण के लिए उतक्रिस्ट कार्य कर रहे हैं। मध्य प्रदेश के अलावा उत्तराखंड वन विभाग ने भी विशेष कार्य बल संगठित किया है जो पंगोलीन को रेडियो टैग करने का कार्य कर रहा है। रेडियो टैग का कार्य अभी शुरुवाती दौर में है और फिलहाल मध्य प्रदेश वन विभाग ने अभी तक दो और उत्तराखंड वन विभाग ने एक पैंगोलिन को टैग किया है। (TOI, 2020)
अन्तरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (IUCN) के नवीनतम अपडेट (2019) के अनुसार पैंगोलिन का भविष्य, आबादी में तेजी से कमी आने के कारण निराशाजनक दिखाई देता है। IUCN के अनुसार विश्व कि आठ प्रजातियों में से तीन प्रजातियाँ (चीनी, सुंडा, और फिलीपीन पैंगोलिन) गंभीर रूप से विलुप्तप्राय हैं, तीन विलुप्तप्राय (भारतीय, सफेद पेट वाले और विशाल पैंगोलिन) और बाकी के दो असुरक्षित है।
पहले से ही दुर्लभ और संकटग्रस्त इस जीव कि समस्याएं और बधाई है चीनी शोधकर्ताओं के नए शोध ने। साउथ चाइना एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं का दावा है कि पैंगोलिन, चमगादड़ों और मनुष्यों के बीच कोरोना वायरस का एक मध्यवर्ती मेजबान हो सकता है। इसका अंदाजा पैंगोलिन में पहचाने गए वायरस से लगाया गया जो कि 99% कोरोना वायरस के समान था। हालांकि पैंगोलिन को कोरोना वायरस के कई स्ट्रैनस की मेजबानी के लिए जाना जाता है लेकिन इस प्रेस विज्ञप्ति के पीछे का शोध अभी तक वैज्ञानिक साहित्य में प्रकाशित नहीं हुआ है जिससे इन दावों का मूल्यांकन करना मुश्किल हो जाता है।
वैज्ञानिकों द्वारा वायरस को स्थानांतरित करने का संदेह मात्र पैंगोलिन पर ही नहीं रहा। कोविड-19 के शुरुआती दिनों में चीनी शोधकर्ताओं ने बताया कि मूल रूप से सांप संभावित कैरियर थे लेकिन अब उन्होंने इस विचार का खंडन कर दिया है। 22 मार्च को प्रकाशित एक नए अध्ययन में शोधकर्ताओं ने पाया कि वायरस की प्रोटीन संरचना और जीनोम प्रभावी रूप से सांपों से अलग है।
अभी सर्वसम्मति यह है कि कोरोना वायरस के मूल स्रोत चमगादड़ हैं। चमगादड़ SARS-CoV-2 वायरस के साथ अन्य कई वायरस के एक प्राकृतिक संग्रह केन्द्र के रूप में कार्य करते हैं। 2000 के दशक की शुरुआत में भी चमगादड़ ही SARS वायरस के लिए जिम्मेदार थे। लेकिन एक विचार ये भी है कि किसी अन्य जानवर ने वायरस को चमगादड़ से मनुष्यों में पहुँचाया होगा जो पैंगोलिन हो सकता है। अवैध चीनी व्यापार द्वारा पैंगोलिन का पारंपरिक चीनी चिकित्सा में उपयोग मनुष्यों में संचरण के लिए एक वेक्टर के रूप में सुझाया गया था। पैंगोलिन कोरोवायरस के कई वंशों की खोज और SARS-CoV-2 से उनकी समानता से संकेत मिलता है कि पैंगोलिन SARS-CoV-2 जैसे कोरोनवायरस के होस्ट हो सकते हैं। हालांकि, पूरे जीनोम की तुलना में पाया गया कि पैंगोलिन और मानव कोरोनवायरस अपने RNA का 92% ही साझा करते हैं। (Cyranoski et al., 2020)
अभी तक कोई निर्णायक शोध नहीं होने के बावजूद चीनी वैज्ञानिकों द्वारा पैंगोलिन को वायरस के संभावित ट्रांसमीटर के रूप में सूचीबद्ध करने पर पर्यावरणविदों ने चिंता जताई है। इन शुरुआती अटकलों के कारण पहले से ही संकटग्रस्त इस स्तनपायी के लिए और संकट उत्पन्न हुए हैं। आज बड़े पैमाने पर इनकी हत्या करने का प्रोत्साहन उसी प्रकार मिल है जैसा कि SARS के प्रकोप के दौरान एशियाई पाम सिवेट के साथ हुआ था। (CBS News, 2004) बहरहाल, पंगोलिन के अवैध व्यापार को समाप्त करना वन्यजीवों के उपभोग से जुड़े संभावित स्वास्थ्य जोखिमों को कम करने में योगदान दे सकता है। कोरोना वायरस महामारी के पीछे वन्यजीव व्यापार कि अहम भूमिका को देखते हुए चीन के अधिकारी इसे वन्यजीव बाजारों को खत्म करने वाले एक संकेत के रूप में ले रहे हैं। जो कि आने वाले समय में वन्यजीवों के लिए एक अच्छी खबर हो सकती है।
पंगोलीन संरक्षण के लिए 2016 में, कई देशों ने पैंगोलिन की सभी आठ प्रजातियों को CITES Appendix I श्रेणी में सूचीबद्ध करने के लिए मतदान कर इनके व्यापार पर प्रतिबंध लगाया था। IUCN SSC पैंगोलिन स्पेशलिस्ट ग्रुप ने भी इनके संरक्षण के लिए वर्ष 2014 में “Scaling up Pangolin conservation” नाम से वैश्विक कार्य योजना प्रारंभ कि। (IUCN SSC)
भारत में पाए जाने वाले दोनों प्रजातियों (भारतीय और चीनी पैंगोलिन) को वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची 1 भाग 1 के तहत सूचीबद्ध किया गया है। इसका शिकार करना, इसको सताना, मारना या पीटना, विष देना, तस्करी करना यह सब गैर कानूनी एवं अपराध की श्रेणी में आते हैं। यह प्रजाति विलुप्त न हो इस हेतु लोगों में जागरूकता लाने व इसके संरक्षण के लिये विश्व भर में प्रतिवर्ष फरवरी माह के तीसरे शनिवार को ‘वर्ल्ड पैंगोलिन डे’ (विश्व चींटीखोर दिवस) मनाया जाता है। लेकिन भारत में इसके प्रति लोगों में उत्साह नजर नहीं आता है।
References:
Cyranoski, David. (2020-02-07). Did pangolins spread the China coronavirus to people? Nature. DOI: 1038/d41586-020-00364-2
Mohapatra, R.K., Panda, S. (2014). Behavioural Descriptions of Indian Pangolins (Manis crassicaudata) in Captivity. International Journal of Zoology. Hindawi Publishing Corporation. Vol. 2014, Article ID 795062. http://dx.doi.org/10.1155/2014/795062
Zhang, Y. (2020). Protein Structure and Sequence Reanalysis of 2019-nCoV. Proteome Res. 2020, 19, 4, 1351–1360 Publication Date: March 22, 2020 https://doi.org/10.1021/acs.jproteome.0c00129
Mahmood; Irshad; Hussain (2014). “Habitat preference and population estimates of Indian pangolin”. Russian Journal of Ecology. 45 (1): 70–75. DOI:10.1134/s1067413614010081