घर-घर औषधि योजना: आमजन के स्वास्थ्य के लिए सरकार की एक पहल

घर-घर औषधि योजना: आमजन के स्वास्थ्य के लिए सरकार की एक पहल

हाल ही में राजस्थान सरकार ने आमजन के स्वास्थ्य को सुरक्षित करने के लिए “घर-घर औषधि योजना” का प्रारम्भ किया है जिसके अंतर्गत औषधीय पौधों को आम जनता में निशुल्क वितरित किया जाएगा ताकि जब भी आमजन को इनकी आवश्यकता पड़े तो उन्हें ये आसानी से उपलब्ध हो सके। यह योजना आम जान में जैव विविधता के संरक्षण के लिए प्रेरणा का कार्य भी करेगी।  देखते हैं यह योजना किस प्रकार से प्रभावी होगी ?

राजस्थान के वन एवं वनों के सीमावर्ती क्षेत्र विभिन्न प्रकार की औषधीय प्रजातियों से संपन्न हैं। जिनका उपयोग आयुर्वेद तथा स्थानीय परम्परागत ज्ञान के अनुरूप स्वास्थ्य चिकित्सा के लिए होता आया है। वर्तमान में जब पूरा विश्व कोरोना जैसी महामारी से जूझ रहा है और ऐसे में भारत के घर-घर में आयुर्वेदिक दवाइयों, काढ़ो और जड़ीबूटियों का इस्तेमाल काफी बढ़ गया है। प्रत्येक घर में लोग गिलोय व तुलसी जैसे औषधीय पौधों का काढ़ा बना कर या फिर बाजार से बने बनाये काढ़े खरीद कर सेवन कर रहे हैं ताकि वे कोरोना से बचने के लिए अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ा सके। इसीलिए राज्य सरकार ने ये योजना शुरू की है ताकि सभी घरों में ये औषधीय पौधे उपलब्ध हो और लोग इनका सेवन कर सके।

योजना को लागू करते समय सरकार द्वारा इसकी पूरी जानकारी व कई दिशा-निदेश जारी किए गए हैं जैसे कि, योजना कार्य कैसे करेगी और किस विभागीय स्तर पर क्या कार्य किया जाएगा साथ ही कुछ समितियां भी बनाई गई है ताकि योजना के कार्यभार को ठीक से नियंत्रित कर इसे सफल बनाया जा सके। परन्तु फिर भी योजना को लेकर आमजन और विशषज्ञों के मन में कई जिज्ञासाएं हैं और कुछ लोग इसकी सफलता व उपयोगिता पर प्रश्न चिन्ह लगाते हैं।

आखिर क्या है घर-घर औषधि योजना:

घर-घर औषधि योजना के अंतर्गत वन-विभाग द्वारा औषधीय पौधों की पौधशालाएं विकसित कर तुलसी, गिलोय, अश्वगंधा और कालमेघ के पौधे उगा कर आम जनता को दिए जाएंगे। आमजन को औषधीय पौधे आसानी से उपलब्ध कराना व उनको घरों में उगाने में मदद और पौधों की उपयोगिता के बारे में प्रचार-प्रसार कर जन चेतना को बढ़ा कर राजस्थान के निवासियों के स्वास्थ्य में सुधार करना इस योजना का मुख्य उद्देश्य है। इस पंच वर्षीय योजना (2021 -2022 से 2025 -2026 तक) का कुल बजट 210 करोड़ रुपए है जिसमें से 31.4 करोड़ रुपए पहले वर्ष में खर्च किए जाएंगे। इस योजना के तहत हर परिवार को चार औषधीय प्रजाति के पौधे “तुलसी, गिलोय, अश्वगंधा और कालमेघ” के दो-दो पौधे (एक बार में कुल 8 पौधे) मिलेंगे और पांच साल में तीन बार तो, इस प्रकार हर परिवार को कुल 24 पौधे दिए जाएंगे।

पौधों का वितरण एवं योजना का प्रबंधन कैसे होगा ?

इस योजना को एक जन अभियान के रूप में संचालित किया जा रहा है और इसको अमल में लाने के लिए वन विभाग में HOFF और PCCF की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है तथा जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में एक “जिला स्तरीय टास्क फाॅर्स” बनाई गई है जिसका कार्यकाल योजना अवधि तक होगा। जिसमें जिला प्रशासन के नेतृत्व में, माननीय जन-प्रतिनिधियों, पंचायती संस्थाओं, विभिन्न राजकीय विभागों व संस्थाओं, विद्यालयों आदि का सहयोग लेकर बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।

जिला स्तरीय टास्क फाॅर्स विभिन्न तरह के कार्य करेगी जैसे कि, पौधों का वितरण, जन अभियान, योजना के लिए अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था, नियमित प्रबोधन आदि।

प्रत्येक जिले में जिला स्तरीय कार्य योजना बनाई गई है जिसमें वितरण स्थानों का चयन, वितरण व्यवस्था, विभिन्न विभागों के सहयोग प्राप्त करने की व्यवस्था, प्रचार-प्रसार की रणनीति, अतिरिक्त वित्तीय संसाधनों की व्यवस्था इत्यादि विषय सम्मिलित है।

उप वन संरक्षक के निर्देश अनुसार वन विभाग पौधशालाओं में इन पौधों को तैयार किया गया है और पौधों का वितरण वन विभाग की पौधशाला व अन्य स्थल जैसे चिकित्सालय या राजकीय कार्यालय पर उपलब्ध कराए जाएगे। पौधे लेने वालों परिवारों की आधार कार्ड जानकारी प्राप्त की जाएगी ताकि रिकॉर्ड रखे जा सके व मूल्याङ्कन में आसानी हो और साथ ही अगले वर्ष जिन परिवारों को पौधे दिए जाने हैं उनको चिन्हित करना आसान हो। कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि, आकड़ों का यह कार्य इतना बड़ा हो जाएगा जिसको बनाये रखने के लिए एक अलग टीम की जरूरत पड़ेगी।

योजना के प्रचार प्रसार पर भी मुख्य ध्यान दिया जा रहा है जिसके लिए सबसे पहले वर्ष 2021 में वन महोत्सव की थीम “घर घर औषधि योजना” राखी गई और राज्य के सभी जिलों के वन मंडलों, रेंज, तहसीलों, पंचायतों शहरी निकायों में वन महोत्सव मनाया गया। स्थानीय निवासियों को पौधों के लाभ, प्रयोग और सार संभाल की जानकारी दी जा रही है तथा पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं। राज्य स्तर पर मीडिया प्लान बना कर प्रचार के लिए सोशल मीडिया का प्रयोग भी किया जा रहा है। कुछ लोगों का यह मानना है कि, सरकार इसके प्रचार खुद को अछूता नहीं रखना चाहती और इन सब कार्यों पर समय एवं मानव संसाधन खर्च होंगे।

इन पौधों से होने वाले लाभ:

आयुर्वेद में तुलसी, गिलोय, अश्वगंधा और कालमेध जैसे औषधीय पौधों को इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए अच्छी औषधि बताया है। आइये जानते हैं इनके महत्व के बारे में :

1. तुलसी (Ocimum sanctum):

जिसे आमतौर पर तुलसी के रूप में जाना जाता है, लैमियासी परिवार का एक सुगंधित बारहमासी पौधा है। तुलसी के पारंपरिक उपयोग का भारत में एक लम्बा इतिहास है और बहुत रोगों से लड़ने की क्षमता होने के कारण इसे ‘क्वीन ऑफ हर्ब्स’ भी कहा जाता है।

तुलसी / Ocimum sanctum (फोटो: डॉ. दीप नारायण पाण्डेय)

फायदे: तुलसी को आयुर्वेद की प्राचीन संहिताओं चरकसंहिता, सुश्रुतसंहिता और ऋग्वेद जिनका समय कम से कम 3500-1600 ईसा पूर्व माना जाता है, में खांसी, श्वसन संबंधी विकार, विषाक्तता और गठिया के इलाज के लिये औषधि के रूप में वर्णित किया गया है। साथ ही आचार्य भावमिश्र ने भावप्रकाश के पुष्पवर्ग में तुलसी के गुणों का वर्णन किया है:

तुलसी सुरसा ग्राम्या सुलभा बहुमञ्जरी।
अपेतराक्षसी गौरी भूतघ्नी देवदुन्दुभिः॥
तुलसी कटुका तिक्ता हृद्योष्णा दाहपित्तकृत्।
दीपनी कुष्ठकृच्छ्रास्रपार्श्वरुक्कफवातजित्।
शुक्ला कृष्णा च तुलसी गुणैस्तुल्या प्रकीर्तिता।

तुलसी पर हुए कई शोध बताते हैं कि, तुलसी का नियमित सेवन करने से सामान्य स्वास्थ्य, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, दैनिक जीवन के तनावों को कम करने, खांसी, अस्थमा, बुखार, गठिया, नेत्र रोग, अपच, उल्टी, पेट की परेशानियों, हृदय रोग, त्वचा रोग, गिंगिवाइटिस और मसूढ़ों की सूजन सहित कई अन्य बिमारियों में फायदा मिलता है। तुलसी में कफ एवं वात दोष को कम करने, पाचन शक्ति एवं भूख बढ़ाने और रक्त को शुद्ध करने वाले गुण भी होते हैं। (Cohen 2014, Jackson, 2018, Wong 2020, Maiti 2020)।

कैसे लें: तुलसी के पत्तों, जड़, तने और बीजों का औषधि के रूप में प्रयोग किया जाता रहा है। इसके पत्तों को रोज सुबह खली पेट खा सकते हैं तथा इसके बीजों का चूर्ण बनाकर भी इस्तेमाल किया जा सकता है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि, तुलसी के पत्तों को कभी चबाना नहीं चाहिए बल्कि निगल लेना चाहिए। यदि निगने में मुश्किल होती है तो हाथ से उन पत्तों के छोटे टुकड़े कर लें या फिर पत्तों को गोल लपेटकर सिर्फ आगे के कृतंक दांतों से सिर्फ एक कट लगाकर निगल जाए। तुलसी के पत्ते को चाय की तरह उबालकर क्वाथ पीने सर्दी-जुकाम में फायदा होता है। वयस्क 3 – 5 पत्ते प्रतिदिन और बच्चे (3 साल से बड़े) 2- 3 पत्ते प्रतिदिन (Jackson, 2018)।

सावधानी: हालांकि वैसे तुलसी बिना किसी साइड इफेक्ट के कई चीजों में लाभकारी होती है, लेकिन इसके अत्यधिक सेवन से कुछ परेशानियां भी हो सकती हैं। इसीलिए इसे ध्यान से खाये जैसे कि, गर्म तासीर की होने के कारण तुलसी का अत्यधिक सेवन पेट में जलन पैदा कर सकता है। यदि किसी की कोई सर्जरी हुई है या होने वाली है तो तुलसी का सेवन नहीं करना चाहिए। तुलसी खून पतला करती है, जिसकी वजह से सर्जरी के दौरान या बाद में ब्लीडिंग का खतरा बढ़ सकता है। डायबिटीज़ की दवा खा रहे लोगों को तुलसी नहीं खानी चाहिए क्योंकि इससे ‘ब्लड शुगर’ लेवल कम होता है। तुलसी में पोटेशियम की मात्रा अधिक होने के कारण ‘लो ब्लड प्रेशर’ में इसे नहीं खाना चाहिए। डब्ल्यूएचओ का कहना है कि, लंबे समय तक नियमित रूप से तुलसी के पत्तों का सेवन करने से यूजेनॉल (eugenol) की उपस्थिति के कारण लीवर और उसकी कोशिकाओं को नुकसान हो सकता है। इसलिए औषधि का सेवन सही मात्रा में करें। (TOI 2021, Indian.com 2021, Jackson, 2018)।

2. कालमेघ (Andrographis Paniculata):

कालमेघ एक गुणकारी औषधीय पौधा है जिसको हरा चिरायता नाम से भी जाना जाता है। इसमें एक प्रकार का क्षारीय तत्व एन्ड्रोग्राफोलाइडस और कालमेघिन पाया जाता है जिसके कारण इसका स्वाद बहुत ही कड़वा होता है।

कालमेघ / Andrographis Paniculata (फोटो: डॉ. दीप नारायण पाण्डेय)

फायदे: इसकी पत्तियों का उपयोग बुखार, पीलिया, मलेरिया, सिरदर्द, पेट के कीड़े, रक्तशोधक, विषनाशक, उच्च रक्तचाप, त्वचा रोग तथा अन्य पेट की बीमारियों में बहुत ही लाभकारी पाया गया है। सरसों के तेल में मिलाकार एक प्रकार का मलहम तैयार कर चर्म रोग जैसे दाद, खुजली इत्यादि दूर करने में बहुत उपयोगी होता है। इसकी जड़ का उपयोग भूख लगने वाली औषधि के रूप में भी होता है। (Kumar et al 2012, Balkrishan 2019, Sarah et al 2015)

आचार्य प्रियव्रत ने शपतपुष्पादी वर्ग में लिखा है की यह मुख्यतया तिक्त एवं कफ विपाका के गुणों से युक्त है।

कालमेघस्तुभूनिम्बो यवाकारफलस्तथा|
सुतिक्त: लघुरुक्षोष्ण कफपित्तपविनाशन:||    
द्वीपन:  स्वेदनो ज्ञेयः कृमिघ्न: पित्तसारकः|
यकृतरोगेक्रिमी कुष्ठेज्वरेचासौ प्रशस्यते||
 (पुष्पादि वर्ग, श्लोक-  १३५-१३६)

कैसे लें: दिनभर में एक चम्मच कालमेघ चूर्ण का सेवन किया जा सकता है। दिन में कालमेघ की ¼ टेबलस्पून या ½ टेबलस्पून की दो खुराक ले सकते हैं। इसके अलावा, कालमेघ की आठ से दस पत्तियों को एक कप पानी के साथ जूस बनाकर भी सेवन किया जा सकता है। इसकी पत्तियों के पेस्ट को घाव पर लगाया जा सकता है और पत्तियों का जूस बनाकर भी पी सकते हैं।

सावधानी: यदि कालमेघ का अत्यधिक मात्रा में सेवन किया जाए तो एलर्जी, सिरदर्द, थकान, गैस्ट्रिक समस्या, जी मचलाना, दस्त आदि शिकायते हो सकती हैं। दूसरी अंग्रेजी दवाओं के साथ इसेलेने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श ले। कालमेघ का अधिक सेवन लो बीपी और लो शुगर का कारण बन सकता है। इसलिए समय-समय पर बीपी और शुगर लेवल मॉनिटर करते रहें। गर्भावस्था और ब्रेस्टफीडिंग के दौरान कालमेघ का सेवन नहीं करें (Balkrishan 2019)।

3. गिलोय (Tinospora cordifolia):

गिलोय कभी न सूखने वाली एक बड़ी लता है। इसका तना देखने में रस्सी जैसा लगता है। इसके कोमल तने तथा शाखाओं से जडें निकलती हैं। इसके पत्ते कोमल तथा पान के आकार के और फल मटर के दाने जैसे होते हैं।

गिलोय / Tinospora cordifolia (फोटो: डॉ. दीप नारायण पाण्डेय)

गुडूची को अनेक बीमारियों के विरुद्ध प्रयोग किया जाता है। आचार्य भावमिश्र ने स्पष्ट किया है कि (भा.प्र.पू.ख. गुडुच्यादिवर्ग 6.8-10):

गुडूची कटुका तिक्ता स्वादुपाका रसायनी। संग्राहिणी कषायोष्णा लघ्वी बल्याऽग्निदीपिनी।।
दोष त्रयामतृड्दाहमेहकासांश्च पाण्डुताम्। कामला कुष्ठवातास्त्रज्वरक्रिमिवमीन्हरेत।। प्रमेहश्वासकासार्शः कृच्छ्रहृद्रोगवातनुत् ।

फायदे: गिलोय के मिस्रण और काढ़े द्वारा कई रोगों में फायदा मिलता है जैसे कि, टाइफाइड, वात, पित्त, कफ, पीलिया, साइनस, लीवर विकार, बुखार, गठिया, कब्ज, शुगर, डेंगू, चिकनगुनिया, उल्टी, साइन में जलन, एसिडिटी, त्वचा रोग, मुँह के छाले, यूरिनरी ट्रैक्ट से जुड़े रोग, फाइलेरियासिस और आंख से जुड़े तमाम रोग (saha & Ghosh 2012, Upadhyay et al 2010, Srivastava, 2020)                                        ।

कैसे लें: गिलोय को काढ़ा या फिर पत्तों के रस दोनों ही रूप में लिया जा सकता है। यदि कड़ा लेना है तो उसके तने के छोटे टुकड़ों को 100 मिली पानी में दाल कर उबाले और जब पानी 25 मिली रह जाए तब उसे पी लें। पत्तों का सीधा जूस बनाकर पिया जा सकता है। एक बार में केवल 20-30 मिली काढ़ा या फिर  20 मिली रस का सेवन करना चाहिए (Balkrishan 2019)।

सावधानी: गिलोय का सेवन यदि ज्यादा किया जाए तो इससे कब्ज और डायबटीज के रोगियों पर दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं। इससे रोग प्रतिरोधक शमता अगर बहुत बढ़ जाए तो Autoimmune diseases भी हो सकती है साथ ही गर्भवती महिलायें इसका सेवन न करें।  (Balkrishan 2019, Gupta 2020)।

4. अश्वगंधा (Withania somnifera):

अश्वगंधा आयुर्वेद की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण औषधीय पौधा है। इसके वैज्ञानिक नाम में “somnifera” एक लैटिन भाषा का शब्द है जिसका अर्थ है “नींद लाने वाला”।

अश्वगंधा / Withania somnifera (फोटो: डॉ. दीप नारायण पाण्डेय)

फायदे: आयुर्वेद में अश्वगंधा के भी कई गुण बताए गए है। अश्वगंधा में एंटीऑक्सीडेंट, लीवर टॉनिक, एंटी-इंफ्लेमेटरी, एंटी-बैक्टीरियल के साथ-साथ और भी कई पोषक तत्व होते हैं जो स्वास्थ्य को बढ़ाने में मदद करते हैं। इसके अलावा इसमें एंटी-स्ट्रेस गुण भी होते है जो मानसिक तनाव जैसी गंभीर समस्या को ठीक करने में लाभदायक है और इससे अच्छी नींद आती है। स्ट्रेस को कम करने में मदद करते है। यह वाइट ब्लड सेल्स और रेड ब्लड सेल्स दोनों को बढ़ाने का काम करता है। जो कई गंभीर शारीरिक समस्याओं में लाभदायक है

गन्धान्ता   वाजिनामादिरश्वगंधा   हयाहर्या।  वराहकर्णी वरदा बलदा कुष्ठ्गंधिनी। 
अश्वगंधानिलरलेधमश्चित्र शौयज्ञयापहा। बज्या रसायनी तिक्ता कषायोष्णतिशूक्रला।। 
भावप्रकाश निघण्टु, श्लोक १८९-१९० के अनुसार अश्वगंधा में निम्न गुण है – मुख्यतया तासीर में गर्म एवं ताकत देने वाली है और पौरुष गुण को बढ़ने वाली है।   

कैसे लें : अश्‍वगंधा का इस्‍तेमाल अश्वगंधा के पत्‍ते या चूर्ण (Ashwagandha Powder) के रुप में किया जाता है। अश्वगंधा चूर्ण खाने का तरीका बहुत आसान है। पानी, शहद या फिर घी में मिलाकर अश्वगंधा चूर्ण का सेवन किया जा सकता है। इसके अलावा, अश्वगंधा कैप्सूल, अश्वगंधा चाय और अश्वगंधा का रस इस्तेमाल किया जा सकता है (Balkrishan 2019)।

सावधानी: अश्वगंधा का सेवन सीमित मात्रा में ही किया जाए तो अच्छा है क्योंकि अत्यधिक सेवन से न सिर्फ उल्टियां हो सकती हैं बल्कि पेट गड़बड़ हो सकता है। यदि लो ब्लड प्रेशर की परेशानी रहती है तो उन्हें अश्वगंधा नहीं खाना चाइये नहीं तो ब्लड प्रेशर बहुत ही ज्यादा लो हो जाएगा। नींद न आने पर अश्वगंधा का इस्तेमाल कुछ हद तक सही है, लेकिन नींद बुलाने के लिए इसका नियमित सेवन नुकसानदेह साबित हो सकता है। अश्वगंधा थाइरोइड को बढाता है अर्थात जिनको थाइरोइड की कमी की शिकायत है उनके लिए तो ये फायदेमंद है परन्तु जिन्हें पहले सेथाइरोइड ज्यादा है तो उनके लिए बहुत खतरनाक हो सकता है (Zielinski 2019 , Balkrishan 2019)

आमजन के कुछ प्रश्न व विशेषज्ञ की राय:

इस योजना को लेकर आमजन की तरफ से कई प्रश्न सामने आ रहे हैं तथा डॉ. दीप नारायण पाण्डेय, IFS (वरिष्ठ वन अधिकारी) द्वारा उन प्रश्नों के उत्तर देने का प्रयास किया गया है।

प्रश्न 1 : कुछ पौधों को गार्डन या फ्लैट में गमलों में लगाने से इन पौधों का संरक्षण कैसे होगा?

उत्तर : आज हम उस युग में जी रहे हैं जब केवल वनों में संरक्षण करने से जैव-विविधता का संरक्षण नहीं हो सकता बल्कि हमें जैव-विविधता का संरक्षण वहीँ करना होगा जहां हम रहते और काम करते हैं। घर से वन तक सम्पूर्ण भू-परिदृश्य में जैव-विविधता संरक्षण जरुरी है। इसीलिए सबसे पहले हमें अपने घरों में पौधों को संरक्षित करना होगा।

दूसरी बात यह है कि, आयुर्वेद में उपयोग होने वाले लगभग 70-80 प्रतिशत औषधीय पौधे अभी भी वनों से प्राप्त होते हैं। यदि हम प्रत्येक घर में इन औषधीय पौधों को अपने उपयोग के लिये उगा लेते हैं तो स्वाभाविक है कि, वनों से इनका हनन हमें कम करना पड़ेगा और अप्रत्यक रूप से प्रजातियों का संरक्षण होगा।

प्रश्न 2 : केवल पौधे बाँट देने से क्या होगा?

उत्तर : दरअसल घर-घर औषधि योजना केवल पौधे बांटने की योजना नहीं है बल्कि स्वास्थ्य और संरक्षण से जुड़े उन विचारों को बांटने की भी योजना है जो औषधीय पौधों के योगदान को जन-मानस को समझाती है। एक उदाहरण देखें तो कोविड-19 की चिकित्सा के लिये अभी तक किसी भी चिकित्सा पद्धति में कोई पक्की तौर पर ज्ञात औषधि नहीं मिल सकी है। तथा, विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों में औषधियों पर शोध व प्रयोग किए जा रहे है और स्वाभाविक है कि, आयुर्वेद में भी शोध और प्रयोग हो रहे है। कई शोधपत्रों से स्पष्ट हो जाता है कि, तुलसी, कालमेघ, अश्वगंधा और गिलोय रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं और कुछ हद तक संक्रमित होने से बचाव भी करते हैं। तथा इन औषधियों का प्रयोग बीमारी की तीव्रता इतनी नहीं बढ़ने देता कि, व्यक्ति को अपनी जिंदगी ही गावनि पड़े।

प्रश्न 3 : घर-घर औषधि योजना के लिये तुलसी कालमेघ, अश्वगंधा और गिलोय ही क्यों चयनित किए गए?

उत्तर : यह एक महत्वपूर्ण प्रश्न है। इस प्रश्न का उत्तर चार अलग-अलग दृष्टिकोण से समझा जा सकता है। पहला चयनित की गई चारों प्रजातियां अलग-अलग या एक दूसरे से विभिन्न अनुपातों में मिलकर अधिक से अधिक रोगों के विरुद्ध प्रभावी हो सकती हैं। दूसरा, इन चारों प्रजातियों के बारे में संहिताओं, समकालीन वैज्ञानिक शोध एवं चिकित्सा आधारित कई प्रमाण उपलब्ध है। तीसरा, इन प्रजातियों को एथनोमेडिसिन के रूप में भी जाना जाता है और पहले लोग वैद्य की सलाह से बड़ी ही सरलता से इनसे विभिन्न औषधि बना लेते थे। चौथा दृष्टिकोण चयनित प्रजातियों की जलवायुवीय आवश्यकताओं से संबंधित है जिनके आधार पर यह समझा जा सकता है कि इन प्रजातियों का राजस्थान में उगाया जा सकता है।

कालमेघ (फोटो: डॉ. दीप नारायण पाण्डेय)

आमजन के इन प्रश्नों के अलावा योजना और इसको अमल में लाने पर भी कई जिज्ञासाएं भी हैं जैसे की,

1. क्या कालमेघ आसानी से राजस्थान जैसे शुष्क व अर्ध-शुष्क पर्यावास में उग सकते हैं? क्योंकि कालमेघ नमी वाले क्षेत्र का पौधा है और इसलिए ये राजस्थान के सिर्फ कुछ जिलों में ही उग सकता है। साथ ही वन विभाग के नर्सरी कर्मचारियों को भी इसे उगाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है तो आमलोग इसे कैसे ऊगा पाएंगे?

2. नर्सरी में इन पौधों को उगाया गया है परन्तु बड़ी ही छोटी और नाजुक अवस्था वाले इन पौधों को सुरक्षित तरीके से वितरित कर हर घर तक पहुंचा पाना निश्चित ही एक मुश्किल कार्य होगा ?

3. योजना के तहत हर घर को यानी 12650000 परिवारों को पौधे वितरित किए जाएंगे। इतनी बड़ी जनसँख्या के हर घर तक पौधे पंहुचा पाना निश्चित ही बड़ा कार्य है जिसके लिए एक बड़ी टीम की आवश्यकता होगी।

4. जिला स्तरीय टास्क फाॅर्स के सदस्यों में पंचायती संस्थाएं, विभिन्न राजकीय विभाग और विद्यालय शामिल हैं। अब प्रश्न ये उठता है कि, जिन लोगों को ये कार्य दिए जाएंगे उनके लिए यह नियमित विभागीय कार्य के अलावा एक अतिरिक्त कार्य होगा और कर्मचारियों पर कार्यभार बढ़ जाएगा।

5. शुरुआत में लोग खुशी-खुशी पौधे ले तो जाएंगे और कुछ दिन ध्यान भी रख लेंगे परन्तु क्या हमेशा ध्यान रख पाएंगे ?

वैश्विक महामारी से निपटने के बाद में अर्थव्यवस्था को ग्रीन डेवलपमेंट की ओर ले जाना और पारिवारिक स्तर पर क्षमता बेहतर करना एक बड़ी प्राथमिकता होगी। विश्व भर की सरकारें महामारी से निपटने के बाद आने वाले समय में अपने आधारभूत ढांचे में भारी परिवर्तनों की घोषणा कर चुकी हैं। इस दिशा में सामाजिक, आर्थिक एवं पर्यावरणीय विकास के लिए तमाम योजनायें भी बन रही हैं और इनमें से कुछ तो शुरू भी हो चुकी है।

घर-घर औषधि योजना को राजस्थान में इस परिप्रेक्ष्य में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। महामारी काल में अमीर और गरीब दोनों ही प्रकार के परिवार महामारी का भयानक चेहरा देख चुके हैं। अतः परिवार के स्तर पर प्रत्येक गांव और शहर को रेसिलियंट बनाने तथा स्वास्थ्य आपदाओं से निपटने में सक्षम बनाने के लिये घर-घर औषधि योजना का महत्वपूर्ण योगदान हो सकता है।

सन्देश यह है कि, घर-घर औषधि योजना मानव के स्वास्थ्य-रक्षण और जैव-विविधता के संरक्षण की दिशा में बहुत बड़ा कदम है। इसको सफल बनाने में प्रत्येक नागरिक का योगदान प्राप्त होगा, ऐसी आशा है।

राजस्थानी लहजे में एक विद्वान कहते है -गुडूची, कालमेघ अश्वगंधा और तुलसी जैसे पौधे पहले अपने माथे में उगाइये, मिट्टी में तो उग ही जायेंगे।
References:
  • Cohen, M.M. 2014. Tulsi – Ocimum sanctum: A herb for all reasons. J Ayurveda Integr Med.5:251-9.
  • https://hindi.news18.com/news/lifestyle/health-kalmegh-plant-is-good-for-health-know-its-seven-benefits-myupchar-pur-3315946.html
  • https://hindi.news18.com/news/lifestyle/pomegranate-ice-cream-recipe-bgys-3661960.html
  • https://timesofindia.indiatimes.com/life-style/health-fitness/photo-stories/shocking-eating-tulsi-leaves-can-have-these-5-side-effects/photostory/63580855.cms?picid=63580892
  • https://www.aninews.in/news/national/general-news/rajasthan-govt-to-offer-medicinal-herbs-saplings-to-residents-under-ghar-ghar-aushadhi-yojana20210530063825/
  • https://www.getroman.com/health-guide/ashwagandha-side-effects/
  • https://www.healthshots.com/healthy-eating/nutrition/4-side-effects-of-giloy-you-must-be-aware-of/
  • https://www.idiva.com/hindi/health/benefits-and-harms-of-basiltulsi-in-hindi/18008080
  • https://www.india.com/health/side-effects-of-tulsi-who-should-not-take-it-4781393/
  • https://www.india.com/health/side-effects-of-tulsi-who-should-not-take-it-4781393/
  • https://www.khaskhabar.com/lifestyle/health/lifestyle-scientific-analysis-of-the-multifaceted-utility-of-ashwagandha-included-in-ghar-ghar-aushadhi-yojana-news-hindi-1-479829-KKN.html
  • https://www.livehindustan.com/lifestyle/story-ashwagandha-benefits-in-hindi-ashwagandha-is-a-curative-herb-according-to-ayurveda-3702643.html
  • https://www.siyasibharat.com/2021/06/blog-post_10.html
  • https://www.stylecraze.com/articles/serious-side-effects-of-giloy/ a Res. 1(2): 112-121.
  • https://www.stylecraze.com/hindi/kalmegh-ke-fayde-upyog-aur-nuksan-in-hindi/
  • https://www.stylecraze.com/hindi/tulsi-ke-fayde-upyog-aur-nuksan-in-hindi/
  • https://www.verywellhealth.com/benefits-of-tulsi-89591
  • Jackson. 2018. Tulsi: Benefits, uses, dosage, side effects, price, CASH KARO..
  • Kumar, A. Dora, J., Singh, A. and Tripathi, R. 2012. A review on king of bitter (Kalmegh). INTERNATIONAL JOURNAL OF RESEARCH IN PHARMACY AND CHEMISTRY. 2(1): 116-124
  • Maiti, M. 2020. A review on effect of tulsi (Ocimum sanctum) in Human as a medicinal plant. International Journal of Engineering Technology Research & Management. 4(9): 72-75.
  • Saha, S. and Ghosh, S. 2012. Tinospora: One plant, many roles. J. Ancient Science of Life. 31(4): 151-159
  • Salve J, Pate S, Debnath K, et al. (December 25, 2019) Adaptogenic and Anxiolytic Effects of Ashwagandha Root Extract in Healthy Adults: A Double-blind, Randomized, Placebo-controlled Clinical Study. Cureus 11(12): e6466. DOI 10.7759/cureus.6466
  • Sarah E. Edwards, Inês da Costa Rocha, Elizabeth M. Williamson and Michael Heinrich.2015. Phytopharmacy: An evidence-based guide to herbal medicinal products, First Edition. John Wiley & Sons, Ltd. Published 2015 by John Wiley & Sons, Ltd.
  • Srivastava, P. 2020. Study of medicinal properties of Herb Tinospora Cordifolia (Giloy) in preventing various diseases/abnormalities by increasing immunity naturally in human bodies. International Journal of Engineering Research and General Science. 8(4):10-14.
  • Upadhyay, A.K., Kumar, K., Kumar, A. and Mishra, H.S. 2010. Tinospora cordifolia (Willd.) Hook. f. and Thoms. (Guduchi) – validation of the Ayurvedic pharmacology through experimental and clinical studies. Int J Ayurveda Res. 1(2): 112-121.
वन्यजीवों की सेवा के लिए मैं हूँ, सदैव तत्पर

वन्यजीवों की सेवा के लिए मैं हूँ, सदैव तत्पर

“आइये जानते हैं श्री सोहनराम जाट के बारे में, एक ऐसे वनरक्षक के बारे में जिन्हें अपने परिवार से ज्यादा प्यारे हैं वन्यजीव और जो 365 दिन रहते हैं ऑन ड्यूटी…”

राजस्थान के चुरू जिले के सुजानगढ़ तहसील के छापर गांव में स्थित है “ताल छापर अभयारण्य”, जो खासतौर से अपने काले हिरणों और अलग-अलग प्रकार के खूबसूरत पक्षियों के लिए जाना जाता है। अभयारण्य का नाम इसी छापर गांव के नाम पर रखा गया है। काले हिरणों और देश-विदेश से आए पक्षियों को देखने के लिए यहां पूरे वर्ष ही पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहता है। इसी ताल छापर अभयारण्य में पिछले 21 साल से एक वनरक्षक (फारेस्ट गार्ड) प्रकृति व वन्यजीवों के बीच में घुलमिलकर एक परिवार की तरह जीवन यापन कर रहा है।

गांव से 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित अपने भरे पूरे परिवार व सुख सुविधाओं को छोड़कर प्रकृति व वन्यजीवों के मोह ने उन्हें जंगल की हरी-भरी घास व प्राकृतिक छटाओ के बीच रहने को मजबूर कर रखा है। जंगल की रक्षा के लिए रोज मीलों दूर पेट्रोलिंग करना वर्तमान समय के अनुसार एक कठिन चुनौती तो है लेकिन, उनका शौक ही यही है कि, ये हमेशा 24 घंटे घूमते रहे। ये अपने परिवार से मिलने के लिए महीने में एक बार जाते हैं जिसमें भी शाम को जाते हैं और सुबह वाली बस में बैठकर अभयारण्य वापिस लौट आते हैं।

ताल छापर अभयारण्य”, जो खासतौर से अपने काले हिरणों और अलग-अलग प्रकार के खूबसूरत पक्षियों के लिए जाना जाता है। (फोटो: डॉ धर्मेंद्र खांडल )

इनके बारे में स्टाफ के साथी व संबंधित अधिकारी भी बताते हैं कि, घर पर भले ही ये किसी जरूरी काम में व्यस्त ही क्यूँ न हो लेकिन, विभाग से कोई जरूरी सूचना आती है तो ये घरेलू कार्य को छोड़कर तुरन्त अभयारण्य पहुँच जाते है। कभी-कभार बीच में ऐसा भी हुआ है कि, ये कार्य से कुछ दिनों की छुट्टी लेकर अपने घर जा रहे थे और इन्हें सुचना मिली कि, विभाग में कुछ जरुरी कार्य आया है तो तुरंत आधे रस्ते में ही बस से उतर एवं दूसरी बस में बैठ कर वापस आ जाते थे। यानी घर, परिवार, गांव व रिश्तेदार आदि से कहि गुना अधिक इन्हें प्रकृति व उसमें बस रहे जीवों से प्रेम है। दिन-रात उनकी सेवा में कभी पैदल तो कभी साइकिल से गस्त करना इनकी रोज़ की दिनचर्या है।

ऐसे कर्मठशील, प्रकृति व वन्यजीव प्रेमी वनरक्षक का नाम है “सोहनराम जाट”। जो कि पिछले 21 वर्षों से ऑफिस रेंज ताल छापर चुरू में तैनात है। सोहनराम का जन्म 1 जुलाई 1966 को चुरू जिले की सुजानगढ़ अब बिंदासर तहसील के सांडवा-भोमपुरा गांव के एक किसान परिवार में हुआ। उस समय मे कम उम्र में ही शादी का प्रचलन था तथा परिवार द्वारा इनका भी विवाह जल्दी ही करवा दिया गया। इनकी धर्मपत्नी “पतासी देवी” एक ग्रहणी है। इनके परिवार में तीन बेटा व एक बेटी है और इनका बड़ा बेटा विदेश में एक कम्पनी में नौकरी करता है बाकी बच्चे अभी पढ़ाई कर रहे हैं।

सोहनराम बताते है कि, बचपन में इनको खुद को पढाई से इतना लगाव नहीं था, पिताजी खेतीबाड़ी करते थे तो ये भी खेती के कार्यो में पिताजी का हाथ बंटाते थे।

गांव के पास स्थित एक पौधशाला में शाम के वक्त ये रोज़ जाया करते थे तो वहां पर मौजूद वनपाल ने इन्हें पौधशाला में काम करने के लिए कहा और भरोसा भी दिलाया कि, समयनुसार कभी नियमित भी हो जाओगे। सोहनराम जिस तरह घरेलू कार्यो में जुटते थे उसी तरह इन्होंने पौधशाला में काम की जिम्मेदारी भी ले ली। इनकी मेहनत के चलते दो साल बाद इन्हें वनकर्मी के रूप में नियमित नियुक्ति पत्र मिल गया।

पढाई में महज साक्षर होने के बावजूद इन्होंने वन व वन्यजीवों के महत्व को वन्यप्रेमी गहनता से समझा और चार साल गाव में स्थित पौधशाला में नौकरी करने के बाद इनका पदस्थापन रेंज ऑफिस ताल छापर चूरू में हो गया और पिछले 21 साल से अभी यहीं पर तैनात हैं।

वनविभाग में आने के बाद से लेकर आज तक सोहनराम का जीवन पूरी तरह से वन सेवा में समर्पित है और आज 55 साल की उम्र में भी उनके काम करने के हौसले व जज्बात दोगुनी हिम्मत के साथ बरकरार हैं।

वन्यजीवों को प्राथमिक उपचार देते हुए सोहनराम जाट

वर्ष 2009 और 2010 में आए भीषण चक्रवात से छापर ताल में वन सम्पदा व वन्यप्राणियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा था। उस समय सोहनराम के लिए सैंकड़ो की संख्या में जीव जंतुओं की हानि एवं घायल होने का मंजर उनके जीवन का एक मुश्किल दौर था और इतना मुश्किल कि, उस पल को याद करके तो काफी दुःख होता है। उस परिस्थिति में लम्बे समय तक सोहनराम वन्यजीवों को बचाने व सुरक्षित स्थानों पर पहुचाने में लगे रहते थे और आठ से दस दिन तक लगातार जंगल में रहकर भोजन मिला तो खा लिया नही मिला तो नही ही सही लेकिन उस समय जितना हो सका वन्यप्राणियों को बचाया। सोहनराम के साथी बताते हैं कि, लगातार कई दिनों तक पानी में काम करने की वह से उनके पैरों में खड्डे पड़ गए थे परन्तु फिर भी सोहन सिंह पैरों पर कपडे की पट्टी बाँध कर दिन रात वन्यजीवों को बचाने में लगे रहे।

श्री सोहनराम जाट लगभग 24 घंटे सतर्क रहते हैं और अभ्यारण्य के आसपास गश्त करते हैं।

सोहनराम बताते हैं कि, ताल छापर अभयारण्य के आसपास बावरिया समाज के लोगों के कुछ ठिकाने हैं और यही लोग कई बार वन्यजीवों के शिकार की घटनाओं को अंजाम देते हैं। ऐसी परिस्थिति में सोहनराम अपने दिन के अधिकत्तर समय गश्त करते रहते हैं और लगभग 24 घंटे सतर्क रहते हैं। वे बताते हैं की गश्त के समय ये अवैध गतिविधियों की खोज खबर निगरानी के लिए इधर-उधर घूमते रहते हैं। और ऐसे ही एक बार इन्हें अभयारण्य से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित कुम्हारों की ढाणी से सूचना मिली कि, तीन बावरिया समाज के लोगों ने हिरन का शिकार करा है। सुचना मिलते ही विभाग वालों ने एक टीम गठित की और एक निजी वाहन के साथ पुलिस को सूचना देकर अतिरिक्त जाब्ता भी मंगवाया। सोहनराम और उनकी टीम वहाँ से रवाना हुए और करीब साढ़े तीन घण्टे की मशक्कत के बाद वो शिकारी उनके हाथ लगे। उन शिकारियों के पास से एक मृत चिंकारा व लोमड़ी बरामद हुई। शिकारियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया व जांच पूरी होने के बाद उनको जेल भी हुई।

पकड़े गए शिकारियों के साथ सोहनराम जाट और उनकी टीम

एक बार ऐसी ही एक घटना अभयारण्य से 30 किलोमीटर दूर स्थित गांव के एक विशेष समाज के लोगों द्वारा की गई। ये लोग पहले भी कई शिकार की घटनाओं को अंजाम दे चुके थे। लेकिन गांव में किसी को गिरफ्तार करना या फिर पूछताछ करना एक चुनौती भरा कार्य था। ऐसे में परिस्थिति को समझते हुए सोहनराम ने अपने विभाग को और फिर पुलिस को सूचित किया। वन विभाग की टीम जैसे ही उस गाँव में पहुंची तो लोगों की भीड़ जमा हो गई और तभी पुलिस की टीम भी वहां आ पहुँची। तुरंत शिकारियों को गिरफ्तार किया व उनके पास एक चिंकारा और लोमड़ी की खाल बरामद हुई, साथ ही चार बन्दूक व तीन तलवारें भी जब्त की गई। पुलिस कार्यवाही के बाद उन लोगो को जेल भी हुई।

सोहनराम बताते हैं कि, अभयारण्य के आस-पास काफी संख्या आवारा कुत्ते घूमते रहते हैं जो वन्यप्राणियों को भी नुकसान पहुंचाते हैं क्योंकि ये कुत्ते 4 -5 के छोटे समूह में एक साथ एक हिरन पर हमला कर उसे घायल कर मार देते हैं। ऐसे में वन्य प्राणियों से उनकी सुरक्षा करना भी एक चुनौती हैं सोहनराम लगातार उनको सुरक्षा देने में लगे रहते हैं साथ घायल हिरणों का उपचार करके उसको सुरक्षित स्थान पर छोड़ देते हैं। सोहनराम बताते हैं कि, पहले वे जानवर के घायल होने पर डॉक्टर को बुलाते थे परन्तु धीरे-धीरे उन्होंने खुद घायल जानवरों का चोट-मोटा इलाज करना सीख लिया और अब वे खुद ही सभी जानवरों का इलाज करते हैं और अब तक ये कुल 300 हिरणों को बचा चुके हैं।

सोहनराम बताते हैं कि, तालछापर अभयारण्य के आसपास में काफी सारे गांव बसे हुए हैं और गांव में बसे हुए लोगों का वन्यजीवों व वनों से काफी लगाव है। उनसे विभाग वालों का भी काफी अच्छा तालमेल रहता है और वे विभाग के कार्य का पूर्ण रुप से समर्थन करते हैं। इसके चलते यहां पर अवैध चराई पर अवैध कटाई की घटनाएं बिल्कुल नहीं है और मैं भी पूर्ण जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्य को निभाने की कोशिश करता रहता हूँ। मैं वर्ष के 365 में से 345-50 दिन तालछापर को देता हूँ और मेरा मन मेरे परिवार से ज्यादा तालछापर के लिए समर्पित है और मैं चाहता हूं कि, मेरे सेवाकाल के बाकी के 5 साल भी इसी तरह से वन सेवा में समर्पित रहे।

आज हमारे वन विभाग को सोहनराम जैसे और निष्ठावान कर्मियों की जरूरत है जो सदैव तत्पर रहकर वन्यजीवों के संरक्षण के लिए कार्य करें। हम सोहन सिंह के कार्य एवं जज्बे की सराहना करते हैं और आशा करते हैं कि, नए आने वाले नौजवान वन कर्मी उनसे बहुत कुछ सीखेंगे।

प्रस्तावित कर्ता: श्री सूरत सिंह पूनिया (Member of state wildlife board Rajasthan)
लेखक:

Shivprakash Gurjar (L) is a Post Graduate in Sociology, he has an interest in wildlife conservation and use to write about various conservation issues.

Meenu Dhakad (R) has worked with Tiger Watch as a conservation biologist after completing her Master’s degree in the conservation of biodiversity. She is passionately involved with conservation education, research, and community in the Ranthambhore to conserve wildlife. She has been part of various research projects of Rajasthan Forest Department.

कैमरा ट्रैपिंग के माहिर वनरक्षक: भैराराम बिश्नोई

कैमरा ट्रैपिंग के माहिर वनरक्षक: भैराराम बिश्नोई

“भैराराम, एक ऐसे वनरक्षक जिन्हें कैमरा ट्रैपिंग कर वन्यजीवों की गतिविधियों की निगरानी करने तथा स्कूली छात्रों को वन्यजीवों के बारे में जागरूक करने में है अटूट रूचि”।

अप्रैल 2020 में, जब पूरा विश्व कोरोना से लड़ रहा था, उस समय भी हमारे वनकर्मी अपनी पूर्ण निष्ठा के साथ वन्यजीवों के संरक्षण में लगे हुए थे। और उस समय एक ऐसी घटना हुई जिसने राजस्थान के कई वन्यजीव प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

एक मादा बघेरा (leopard) ने आबादी गाँव के एक सुने घर में तीन बच्चों को जन्म दिया और रोज़ वहां आने-जाने लगी क्योंकि, वह घर गाँव के बाहर एक नाले के पास स्थित था और नाले के दूसरी तरफ जंगल था। उस सुने घर के आसपास खेत थे और इसी वजह से बघेरे के लिए वहाँ आना-जाना कोई मुश्किल नहीं था। एक रात गाँव के किसी व्यक्ति ने मादा बघेरा को उस घर में घुसते हुए देखा और सुबह होते ही उसने यह बात गांव के लोगों को बताई। जैसे ही गांव के लोग उस घर पर पहुँचे तो उन्होंने देखा वहां बघेरे के तीन बच्चे सो रहे थे और मादा वहां नहीं थी। गाँव वालों ने तुरंत वन विभाग को बताया विभाग ने एक वन रक्षक के साथ दो और गार्ड वहाँ भेजे तो वहाँ पर मौजूद ग्रामीण उनसे बहस करने लगे कि, ” इन बच्चों की माँ तो यहाँ हैं ही नहीं इनको यहाँ से हटाओ”।

ऐसी स्थिति वन विभाग के कर्मियों के सामने हमेशा चुनौती पूर्ण होती हैं जिसमें ग्रामीणों के साथ सामंजस्य भी जरूरी हैं तो उस वन्यजीव व उसके बच्चों का संरक्षण भी बहुत जरूरी हैं इसलिए ऐसे समय में धैर्य की जरूरत होती हैं।

कैमरा ट्रैप लगाते हुए वनरक्षक

वहाँ पर मौजूद उस वनरक्षक के द्वारा योजनाबद्ध तरीके से इस कार्य को अंजाम दिया गया। पहले कैमरा ट्रैप की मदद से देखा कि, माँ आती है या नहीं? पहली रात बघेरा माँ आयी और तीन बच्चों में से एक को ले गयी अगली सुबह उस वनरक्षक ने कैमरा ट्रैप की फोटो गाँव वालों को दिखाई तो गांव वाले भी सहमत थे कि, ये बारी-बारी से अपने बच्चों को सुरक्षित जगह पर ले जाएगी। उस रात फिर कैमरा लगाया माँ आयी और एक बच्चे को ले गयी।

अपने बच्चे को लेजाती हुई बघेरा माँ

अपने बच्चे को लेजाती हुई बघेरा माँ

परन्तु तीसरी रात माँ आयी ही नहीं। तो उस वनरक्षक ने दो और दिन इंतज़ार करने का सोचा और उसने किसी पशु चिकित्सक की सलाह के अनुसार उस शावक की देख-रेख करी। दो दिन बाद माँ वहां आयी और उस आखरी बच्चे को भी ले गयी। इस पूरी घटना के समय 6 दिनों तक वह वनरक्षक उसी गाँव में एक मंदिर में रहा, रोज़ रात कैमरा ट्रैप लगाना, उन शावकों व ग्रामीणों की निगरानी भी जरूरी थी क्योंकि आबादी क्षेत्र से सटे हुए उस घर में खतरा यही थी कि, कहीं अचानक ग्रामीण आ जाए और वह मादा बघेरा उन पर हमला न कर दे। परन्तु इस कठिन परिस्थिति में भी उस वनरक्षक ने अपनी सूझबूझ और बहादुरी से काम लिया।

शावक को दूध पीलाते हुए वनरक्षक

तो ऐसे चुनौती पुर्ण कार्य को अंजाम देने वाले मेहनती वन रक्षक है “भैराराम बिश्नोई”, जो वर्तमान में कुम्भलगढ़ अभयारण्य (राजसमन्द डिवीज़न) में वनरक्षक (Forest Guard) के पद पर तैनात हैं।

भैराराम बताते हैं कि, उन्हें कैमरा ट्रैपिंग करना और वन्यजीवों की मॉनिटरिंग करना बहुत पसंद है। कैमरा ट्रैपिंग से इन्होने वन्यजीवों के कई ख़ास पलों को दर्ज़ किया है जिन्हें दिन में यूँ देख पाना मुश्किल होता है। इतने वर्षों की अपनी कार्यसेवा के दौरान कई बार भैराराम ने न सिर्फ मुश्किल बल्कि खतरनाक कार्यवाहियों में भी बड़ी सूझ-बुझ से भूमिका निभाई है।

“भैराराम बिश्नोई”, वर्तमान में कुम्भलगढ़ अभयारण्य (राजसमन्द डिवीज़न) में वनरक्षकके पद पर तैनात हैं।

“मारवाड़ की मरूगंगा” लूणी नदी के किनारे बसे छोटे से गांव काकाणी के किसान परिवार में जन्मे भैराराम बिश्नोई वनरक्षक में भर्ती होकर वर्तमान में वन संपदा व जीव जंतुओं के प्रति सजगतापूर्वक कार्य कर रहे हैं। काकाणी गांव विश्नोई बहुल हैं जो हैंड प्रिंटिंग और नक्काशीदार मिट्टी के बर्तनों के लिए प्रसिद्ध है। यहां के लोग प्रकृति में मौजूद सभी जीव जंतुओं के लिए जागरूक हैं और इनकी रक्षा के लिए जान तक कुर्बान करने के लिए तैयार हो जाते हैं। बिश्नोई बहुल इस गांव में पेड़ काटना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है। वन विभाग में आने से पहले भैराराम वन एवं वन्यजीवों की विशेषताओं से अनभिज्ञ थे और गांव के आसपास के क्षेत्र के अन्य युवाओं में भी वनों के प्रति कार्य करने की इच्छा शक्ति नही थी तथा ये खुद भी अपने जीवन को सुगम बनाने के लिए प्रयासरत थे।

वतर्मान में 35 वर्षीय, भैराराम की स्कूली शिक्षा गाँव में ही हुई और स्नातक की पढ़ाई के लिए ये जय नारायण व्यास विश्विद्यालय, जोधपुर चले गए। अध्ययन के समय अध्यापक व पुलिस बनने का हुनर इन्हें दिन रात सोने नही देता था, लेकिन उससे पहले वर्ष 2013 की वनरक्षक भर्ती प्रतियोगी परीक्षा में इनको सफलता मिली तो आज प्रकर्ति के रहस्य को भलीभांति लोगों के बीच मे प्रसारित करना व वनों के प्रति लोगों को प्रेरित करना इनकी कार्यशैली का मुख्यरूप से मजबूत हिस्सा है। पर्यावरण संरक्षण एवं वन्यजीवों के उत्थान में इनका अहम योगदान हैं वन्यजीवों के बारे में विस्तृत अध्ययन करने के उपरांत ये आलेख तैयार कर लोगों के बीच जागरूकता कार्यक्रम भी चलाते हैं ताकि आमजन भी वन वनस्पति और वन्यजीवों की विशेषताओं से परिचित हो सके तथा उनके संरक्षण में अपनी भागीदारी निभा सके।

भैराराम बताते हैं कि, अभयारण्य के आसपास कई गाँव स्थित हैं और ये लोग विभिन्न कारणों जैसे जलाऊ लकड़ी, जड़बुटियाँ और पेड़ों से गोंद निकालने के लिए वन क्षेत्र के अंदर घुस आते हैं। राजस्थान सरकार द्वारा किसी भी संरक्षित क्षेत्र में पेड़ों से गोंद निकालना एक गैर कानूनी कार्य है परन्तु फिर भी कुछ समुदायों के लोग अवैध रूप से अभयारण्य में घुस आते हैं और “सालार (Boswellia serrata)” का गोंद निकालते हैं। ये लोग पेड़ के तने पर चीरा लगा देते हैं और जब 10 से 12 दिनों में गोंद इक्कठा हो जाता है तो उसे निकाल कर ले जाते हैं।

एक रोज़ भैराराम और उनके साथी गस्त के लिए निकले तो उन्हें एक कैंप मिला जहाँ 15 से 20 गोंद निकालने वाले लोग रह रहे थे। उनकी ज्यादा संख्या को समझते हुए भैराराम वहां से वापिस आ गए और अपने वरिष्ठ अधिकारियों व साथियों से चर्चा कर योजना बनाई। अगले रोज विभाग की 17 लोगों की एक टीम रात को वहां उनके कैंप पर पहुंची और मुज़रिमों को दोनों तरफ से घेर लिया। जब घेरा गया तो एक तरफ कम गहरी खाई थी और वो सभी लोग उस खाई में कूद गए और केवल एक मुजरिम ही हाथ लग पाया। परन्तु उनके ठिकाने की तलाशी लेने पर उनके पास से बन्दुक, छर्रे, चाक़ू और कुछ मीट बरामद हुआ। लैब से जांच करवाने पर मालूम हुआ की वह सांबर का मीट था। अभी उस मुजरिम पर क़ानूनी कार्यवाही चल रही है।

कैमरा ट्रैपिंग के अलावा भैराराम वन्यजीवों को रेस्क्यू करने में भी निपुण हैं और आज तक इन्होने 5 लेपर्ड, 50-60 मगरमच्छ, 100 अजगर और कुछ अन्य जीव रेस्क्यू किये हैं।

भैराराम बताते हैं कि, एक बार उन्होंने 100 फ़ीट गहरे कुए से मगरमच्छ को बाहर निकाला था। गुराभोप सिंह नामक इनकी बीट के पास एक गाँव में एक छोटा कुआ था, जिसमें हर वर्ष बारिश के दौरान पानी भर जाता था। इसी दौरान एक मगरमच्छ उस कुए में रहने लग गया। दिन के कुछ समय वह बाहर रहता और आसपास हलचल होते ही तुरंत कुए के अंदर चला जाता था। परन्तु कुछ दिन बाद जैसे पानी सूखने लगा वह मगरमच्छ उस कुए में ही रह गया। तब फिर गाँव के लोगों ने भैराराम को बुलाया। भैराराम अपनी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और इन्होने तुरंत बिजली से चलने वाले मोटर मंगवा कर कुए का सारा पानी बाहर निकाला। तब उपकरणों की कमी होने के कारण इनके साथी कुए में जाने से डर रहे थे परन्तु तभी भैराराम ने कुए के अंदर जाने का फैसला किया। भैराराम और उनके एक साथी ने उस सौ फ़ीट गहरे कुए में जाकर मगरमच्छ को बाहर निकाला।

एक बार ऐसी घटना भी हुई कि, अभयारण्य के पास एक एन्क्लोज़र था जहाँ पेड़ पौधे उगे हुए थे और काम करने वाले कई मज़दूर वहां आया करते थे। वहां अक्सर एक मादा भालू अपने दो छोटे बच्चों के साथ घुमा करती थी जिन्हें लोग देखा करते थे तथा उनके लिए वह एक साधारण सी बात बन गई थी। फिर एक दिन एक बच्चा गाँव के पास चला गया और एक नाले में गिर गया। सुबह के समय मज़दूरों ने उसको देखा और सोचा की आसपास माँ होगी अभी चला जाएगा। परन्तु वो बच्चा शाम तक भी वही बैठा रहा और यह स्थिति देख लोगो ने भैराराम को बुलाया। भैराराम और उनकी टीम ने उस बच्चे को नाले से निकाल कर वापिस एन्क्लोज़र के पास छोड़ दिया तथा कुछ रोज़ तक लगातार एन्क्लोज़र के आसपास कैमरा ट्रैप लगाया और पाया की दोनों बच्चे अपनी माँ के साथ ठीक हैं।

पैंगोलिन को रेस्क्यू करते हुए भैराराम

भैराराम बताते हैं कि,एक बार अभयारण्य के पास स्थित एक गाँव में कुछ लोगों ने पैंगोलिन को मगरमच्छ का बच्चा समझ कर तालाब में डाल दिया था और जब पैंगोलिन बार-बार बाहर आने की कोशिश कर रहा था तो उसे डंडे से मार-मार कर जान से मार दिया। इस घटना के बाद भैराराम ने गाँव वालों को इसके बारे में जागरूक किया। जिसके बाद दोबारा जब पैंगोलिन गाँव के लोगों को मिला तो उन्होंने तुरंत विभाग वालो को सूचित किया और पैंगोलिन को रेस्क्यू कर वापिस अभ्यारण्य में छोड़ दिया गया।

समय के साथ-साथ भैराराम ने नई-नई चीजे सीखने में भी बहुत रुचि दिखाई है जैसे की उन्होंने खुद का निजि कैमरा खरीद कर अभयारण्य में और उसके आसपास के क्षेत्र में घूम कर वन्यजीवों की फोटोग्राफी तथा पक्षियों की पहचान के बारे में सीखा।

ज़मीनी स्तर पर वन्यजीवों के लिए काम करने के अलावा भैराराम शिक्षक होने में भी रूचि रखते हैं। इसके लिए हर वर्ष जब वन्यजीव सप्ताह में अभयारण्य के पास स्थित विद्यालयों के बच्चों को अभयारण्य लाया जाता है तो भैराराम उनको वन और वन्यजीवों के महत्त्व के बारे में समझाते एवं उनको जागरूक करते हैं। इसके अलावा भी कई बार भैराराम आसपास के स्कूलों में जाकर बच्चों को वन्यजीवों के बारे में पढ़ाते हैं।

भैराराम की कड़ी मेहनत को देखते हुए आज सभी वन अधिकारी उनकी प्रसंशा करते हैं

वन्यजीवों के प्रति इनके कार्य व ग्रामीण लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए इनको जिला स्तर पर सम्मानित भी किया गया है। इसके अलावा भैराराम को क्रिकेट खेलने का विशेष शौक है तथा पिछले दो वर्षों से All India Forest National games में वन विभाग की टीम की तरफ क्रिकेट खेल रहे हैं और छ बार मैन ऑफ़ द मैच बन चुके हैं।

भैराराम मानते हैं कि, अभयारण्य में वर्षा ऋतू में दिन प्रतिदिन मगरमच्छ और अजगर बाहर निकल आते हैं तथा आसपास स्थित खेत, घर या फार्महाउस में पहुँच जाते हैं। मुश्किल यह है कि, इन सबको रेस्क्यू करने के लिए इनकी टीम के पास सिर्फ रस्सी ही है और ऐसे जानवरों को पकड़ने के लिए विभाग के पास नई तकनीक के उपकरण (equipment) होने चाइये।

इनके अनुसार वन क्षेत्र में कार्य करने वाले सभी कर्मियों को कैमरा ट्रैपिंग और वन्यजीवों के रेस्क्यू के बारे में पूरी ट्रेनिंग देनी चाहिए, क्योंकि यही एकमात्र विधि है जिसके कारण वन्यजीवों को बिना परेशान किये हम उनकी निगरानी कर सकते हैं तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम कर सकते हैं। साथ ही हर संरक्षित क्षेत्र के आसपास स्थित ग्रामीण लोगों को वन्यजीवों व उनके महत्त्व के बारे में जागरूक करना चाइये तथा किस प्रकार वे संरक्षण में विभाग कि मदद कर सकते है उसके लिए भी उनको सूचित करना चाहिए।

प्रस्तावित कर्ता: श्री राहुल भटनागर (सेवा निवृत मुख्य वन संरक्षक, कुम्भलगढ़ अभयारण्य), डॉ सतीश कुमार शर्मा (सेवा निवृत सहायक वन संरक्षक उदयपुर)
लेखक: 

Meenu Dhakad (L) has worked with Tiger Watch as a conservation biologist after completing her Master’s degree in the conservation of biodiversity. She is passionately involved with conservation education, research, and community in the Ranthambhore to conserve wildlife. She has been part of various research projects of Rajasthan Forest Department.

Shivprakash Gurjar (R) is a Post Graduate in Sociology, he has an interest in wildlife conservation and use to write about various conservation issues.

गोडावण के संरक्षण के लिए तैनात पहली महिला वनरक्षक

गोडावण के संरक्षण के लिए तैनात पहली महिला वनरक्षक

  • सुखपाली, एक ऐसी महिला वनरक्षक जिसने सुदासरी जैसे कठिन परिस्थितियों वाले क्षेत्र में अकेले रहकर उठाई गोडावण के संरक्षण की जिम्मेदारी…

राजस्थान के राष्ट्रीय मरु उधान (Desert National Park) को विश्व भर में “गोडावण” (ग्रेट इंडियन बस्टर्ड) की अंतिम शरण स्थली माना जाता है। इसमें स्थित सुदासरी नामक स्थल गोडावण के लिए सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र है, यहाँ आज भी यह फल-फूल रहे है। इनको यहाँ सुरक्षा मिले इसके लिए अनेकों लोग कड़ी मेहनत करते है, इसी कड़ी में एक महत्वपूर्ण नाम रहा है- सुखपाली देवी का जो राजस्थान वन विभाग में  वन रक्षक के रूप में कार्यरत है। जहाँ अन्य लोग इस क्षेत्र में पानी की कमी के कारण इसे काला पानी की संज्ञा देते हैं, एवं काम करना नहीं चाहते वहीँ सुखपाली ने इस कठोर पारिस्थितिक तंत्र को दिल से स्वीकार किया।

संकटापन्न सूची में शामिल गोडावण पक्षी के संरक्षण लिए सुखपाली पहली महिला वनरक्षक के रूप में कार्यरत रही है जिसने पूर्ण मुस्तैदी के साथ मरुस्थल के सभी वन्यजीवों के संरक्षण के लिए महती भूमिका निभाई हैं। और यही नहीं वह अपनी ढाई साल की बच्ची के साथ कठिन क्षेत्र में रहकर बुलंद हौसलों के साथ कार्य किया हैं। वह जाबाज़ महिला वनरक्षक वर्तमान में जोड़बीड़ गिद्ध संरक्षण अभयारण्य में कार्यरत है।

सुखपाली बताती है कि, गोडावण एक बहुत ही शर्मिला पक्षी हैं, जो एक साल में एक ही अंडा देता हैं।  इन अंडो को दो मुख्य खतरे हैं एक तो जंगल मे विचरण करने वाले पशुओं के खुरों से कुचला जाना और दूसरा आबादी क्षेत्र से आने वाले आवारा कुत्ते द्वारा नुकशान। सुखपाली ने गोडावण के इन्ही दुर्लभ अंडो की देखभाल की। इसके अलावा मादा गोडावण के लिए पानी की व्यवस्था को भी सुचारु रखा ताकि मादा को पानी की तलाश में अंडो से अधिक दूर नहीं जाना पड़े, और जब तक अंडो से चूजे बाहर नहीं आ गए तब तक सुखपाली उनकी देखभाल करती रही।

गोडावण के संरक्षण लिए सुखपाली पहली महिला वनरक्षक के रूप में कार्यरत रही है जिसने पूर्ण मुस्तैदी के साथ मरुस्थल के सभी वन्यजीवों के संरक्षण के लिए महती भूमिका निभाई हैं।

सुखपाली ने सुदासरी में कार्यरत रहने के समय एक पीएचडी की छात्रा जो गोडावण पर शोध करने आयी थी, के साथ रहकर उसकी शोध में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिसमें सुबह से शाम तक उनके साथ गोडावण पर निगरानी रखना, ब्लॉक बनाना, वाटर पॉइंट चेक करना व गोडावण की गतिविधियों पर नज़र रखना औऱ उसके खान पान की विविधता को दर्ज करना इनका मुख्य कार्य था।

परन्तु समाज का एक वर्ग आज भी इस साहसी कार्य को एक हे दृष्टि से देखता हैं सुखपाली ऐसे ही एक वाकये को याद करती हुई कहती हैं की  शोध के दौरान ही एक रोज़ वह दोनों जंगल मे ट्रैकिंग कर रही थी तो पर्याप्त पानी न होने की वजह से पास में बसे एक गांव में पानी लेने के लिए चली गई। वहां एक घर में जाकर पानी पिया व बोतल में पानी भर लिया, तभी वहां पर मौजूद एक महिला इन दोनों से बात करने लग गई और वह महिला बोली कि, “आप इस तरह से जंगल मे भटकती रहती हो इसमें कोई इज्जत नही हैं हमारे यहां महिलाएं घर से बाहर नही जाती हैं आपकी जैसी महिलाओं का नारी जाति में कोई सम्मान नही है”। सुखपाली और उनकी साथी ने चुप चाप खड़े रहकर उस महिला की बातों को सुना और फिर वहां से चल दिए तथा रास्ते भर यही सोचते रहे कि, “हमने अच्छी शिक्षा हासिल कर अपने काम के लिए घर से दूर रहने का फैसला कर क्या कोई गलती कर दी है ?”

सुखपाली पंवार का जन्म श्रीगंगानगर जिले की सार्दुलशहर तहसील के प्रतापपुरा गांव में एक किसान परिवार में हुआ था। परिवार में ये पांच भाई बहनों में सबसे बड़ी हैं और इनकी शादी पंजाब के मुक्तसर जिले के भाइकेरा गांव में हुई। इनके पति का नाम हरपाल सिंह हैं और इनकी एक छोटी बेटी है जिसका नाम नवनीत कौर हैं।

सुखपाली की प्राथमिक शिक्षा प्रतापपुरा गांव के एक सरकारी विद्यालय में हुई थी और इन्होंने 9वी से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई सादुलशहर से एवं बीएड पंजाब से की थी। अध्ययन के दौरान इन्हें विद्यालय में पौधारोपण करना, छोटे-छोटे बच्चों को पढ़ाना आदि बहुत पसंद था तथा बीएड करने के बाद इन्होंने एक निजी विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर भी कार्य किया था। बाद में इनके मन मे अध्यापक बनने का जुनून बढ़ता चला गया इन्होंने मेहनत और लगन के साथ अध्यापक भर्ती परीक्षा के लिए तैयारी शुरू की उसके बीच मे ही वनरक्षक भर्ती परीक्षा का विज्ञापन जारी हुआ, परिवार की स्वेच्छा से इनके पति ने वनविभाग में आवेदन करवा दिया और पहली ही भर्ती में सुखपाली का चयन हो गया।

जोधपुर में तीन माह के विभागीय प्रशिक्षण के बाद सुखपाली की पहली पोस्टिंग राष्ट्रीय मरु उधान स्थित बाड़मेर जिले के बछड़ा गांव स्थित नाके पर हुई। बाद में मार्च 2014 में इनको जैसलमेर जिले के सुदासरी नाके पर लगाया गया। राष्ट्रीय मरू उद्यान एक वन्य जीव अभयारण्य है जो क्षेत्रफल की दृष्टि से राजस्थान का सबसे बड़ा जीव संरक्षित क्षेत्र है।

सुदासरी क्षेत्र के बारे में वहां के उप वन संरक्षक भी मानते हैं कि, यहां पर छोटी सी बच्ची के साथ अकेले एक महीला वनरक्षक का रुकना कठिन और हिम्मत वाला कार्य है और इसलिए वन विभाग द्वारा उनके पति को निजी रोजगार भी दे दिया हैं।

यह जैसलमेर और बाड़मेर जिले में फैला हुआ है और वहाँ पर प्रयटक भी आते रहते हैं। सुदासरी में सुखपाली को गोडावण के संरक्षण के अलावा सभी पर्यटकों को जंगल का भ्रमण करवाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गयी थी जिसमें ये वहां आने वाले सभी पर्यटकों को जंगल का भ्रमण करवाती एवं वहां मिलने वाले वन्यजीवों के बारे में बताती थी।

सुदासरी में काम करने के दौरान इनका गोडावण संरक्षण की नई वैज्ञानिक तकनीकें सीखने हेतु दुबई जाने के लिए चयन हुआ था लेकिन बच्ची की परवरिश को देखतें हुए इन्होंने अपना नाम वापिस ले लिया।

वर्तमान में सुखपाली, कोटडी रेंज जोड़बीड़ (बीकानेर) में कार्यरत हैं

सुखपाली, सुदासरी नाके व आसपास के क्षेत्र के बारे में बताती हैं कि, मौसम में यहाँ काफी असमानताएं देखी जा सकती हैं सर्दियों में यहां पर तापमान 2 डिग्री से नीचे व गर्मियों में तापमान 50 डिग्री से ऊपर चला जाता है। गर्मी के दिनों में तेज आंधी, धूल भरे गुब्बार, चारों ओर रेत के टीले व धोरे ही धोरे नज़र आते हैं। आसपास पानी के अलावा बिजली व स्वास्थ्य सुविधा भी नहीं है सौर ऊर्जा से संचालित बैटरी के एक छोटे से बल्ब के उजाले से ही काम चलता है। मोबाइल नेटवर्क भी हमेशा नहीं मिल पाता है। नाके पर स्थित एक छोटी सी रसोई, पास में एक कमरा और बगल में एक पानी का टैंक है जिसमें टैंकर द्वारा जरूरत के अनुसार पानी डलवाया जाता है। इस प्रकार की कठिन परिस्थिति में सुखपाली एक दो माह नहीं बल्कि पुरे डेढ़ साल वहां रही हैं।

डेढ वर्ष तक सुदासरी रहने के बाद अगस्त 2015 में पोस्टिंग सूरतगढ़ (श्रीगंगानगर) हो गई थी और इनका परिवार भी सूरतगढ़ ही आ गया था। सूरतगढ़ में नेशनल पार्क नही हैं बल्कि आसपास विश्नोई समुदाय के लोगों की ज़मीने हैं वे जीवो को अत्यधिक प्यार करते हैं। यहाँ भी कार्य की दिनचर्या सुदासरी जैसी ही थी जैसे गश्त करना, अवैध गतिविधियों की निगरानी, कुत्तो की निगरानी, घायल जानवरों का रेस्क्यू करना आदि रहता था।

सुखपाली बताती हैं कि, एक बार जब नवनीत तीन माह की थी रात का समय था तो इनको एक नर नील गाय के कुत्तों द्वारा घायल होने की सूचना मिली। इन्होने हिम्मत जुटाते हुए किराये की एक टैक्सी ली और मौके पर पहुँचकर लोगो की सहायता से नील गाय को टैक्सी में डाला व उपचार करवा के रायसिंह नगर स्थित रेस्क्यू सेंटर छोड़ कर आयी। रात का समय था और इनका मोबाइल फ़ोन भी बैटरी कम होने के कारण बंद हो गया था ऐसे में इनके परिवार वाले बहुत चिंतित थे। सुखपाली रात को 12 बजे घर पहुँची तो इनकी सासु माँ काफी चिंतित हुई लेकिन उनको एक गर्व की अनुभूति भी हुई कि मेरी बहू वन्यजीवों के लिए सदैव लगी रहती है।

सुखपाली बताती हैं कि, संरक्षित क्षेत्रों के आसपास बसे गांवो में खेती की जमीने बहुत कम होती हैं और ऐसे में कई बार आसपास के लोगो के साथ अवैध अतिक्रमण को लेकर भी आमना सामना हो जाता हैं। ऐसे लोग जेसीबी और ट्रैक्टर द्वारा पेड़ पौधों की सफाई करके कृषि कार्य के लिए जमीन खाली कर लेते हैं तथा सुखपाली उनको रोकती, समझाती और अगर नहीं समझते हैं तो फिर कानूनी तौर पर कार्यवाही करती। कई बार इनको महिला होने के नाते ऐसे कार्यों में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अपशब्द भी सुनने को मिलते हैं लेकिन ग्रामीणों में भी ऐसे कुछ लोग होते हैं जो इनका  साथ देते हैं और सामंजस्य स्थापित करवाते हैं। हालांकि ऐसे कार्यो से निपटना एक महिला वनरक्षक के लिए चुनौती भी है फिर भी ऐसी परिस्थितियों में तत्पर रहना बहुत आवश्यक है।

सुखपाली की कड़ी मेहनत और निष्ठा की सभी वन अधिकारी प्रशंसा करते हैं।

सूरतगढ़ में इनकी पोस्टिंग डिडमलसर चौकी पर थी तो रोज़ एक अधिकारी द्वारा सूचना आई कि, “आप तैयार रहे एक सेही (सेव पोर्क्युपाइन) के शिकार की खबर है”।  सुचना मिलते ही ये और इनके पति स्टाफ के सदस्यों के साथ शिकारी को ढूंढने के लिए रवाना हो गए।

आसपास के लोगों से इनको शिकारी के चरित्र व उसकी दिनचर्या की जानकारी प्राप्त हुई और उसी के अनुसार इन्होने जहां उसका उठना बैठना रहता था, वहां इनकी टीम ने जाकर दबिश दी और मुज़रिम को पकड़ लिया। तो जैसे ही उसे हिरासत में लिया तो वह सच उगलने लगा उसके साथ दो व्यक्ति और थे तथा इनके बीच मांस के बंटवारे को लेकर विवाद भी हुआ था। सेही के शिकार के स्थान पर उसे लेकर गए लेकिन वहां इन्हे केवल  कांटे व थोड़ा सा मांस बरामद हुआ जिसको तीन जगह दफ़नाया गया था। उन शिकारियों पर कानूनी कार्यवाही के साथ जुर्माना भी लगाया गया।

वर्तमान में सुखपाली, कोटडी रेंज जोड़बीड़ (बीकानेर) में कार्यरत हैं और यहाँ भी इनकी दिनचर्या वैसी ही रहती है जैसी सुदासरी और सूरतगढ़ में थी। कोटड़ी रेंज में इनकी चौकी के पास लोगों ने आबादी क्षेत्र से बाहर निकल कर जंगल में झोपड़ी बनाकर अवैध कब्जा कर रखा था जिसे सुखपाली ने स्टाफ के सदस्यों और गांव वालों की सहायता से सामंजस्य स्थापित कर वहां से हटवाया था। इस कदम की वजह से वहां के लोगों ने इनका जबरदस्त विरोध भी किया था लेकिन काम करने का हौसला इनको ऐसे विरोध को झेलने का सहस भी देता है।

जोड़बीड़ में रहकर सुखपाली ने पक्षियों के बारे में सीखा है और वहां आने वाले पर्यटकों को गाइड भी करती हैं। इसके अलावा ये रोज़ गस्त, पक्षियों के लिए बने वाटर स्रोतों को चेक करना व अगर उन में पानी नहीं होता है तो टेंकर द्वारा पानी डलवाना इनकी ड्यूटी है। कभी कभार गांव के लोग अवैध चराई व कटाई के लिए आते हैं तो ये उनको वन संपदा व वन्यजीवों के महत्व के बारे में भी बताती हैं।

सुखपाली बताती हैं कि, अवैध मानवीय गतिविधि अक्सर यहाँ होती रहती हैं कुछ महीनों दिवाली से पहले अक्टूबर में एक चिंकारा का शिकार हो चुका था। शिकारी को पकड़ने के लिए सुखपाली और इनके साथी अलग-अलग दल बनाकर शिकारी को ढूंढने के लिए रवाना हो गए। शिकारी को तो इन्होने सफलतापूर्वक पकड़ लिया लेकिन मृत जानवर के अवशेष इन्हे नही मिले क्योंकि उसे किसी दूसरी गाड़ी वाले लेकर फरार हो गए और बहुत कोशिश के बाद भी वो पकड़ में नही आ पाया। लेकिन जो शिकारी पकड़ा गया उसे पर कानूनी कार्यवाही के लिए पुलिस को सौंप दिया।

समय के साथ-साथ सुखपाली ने वन्यजीवों की विविधता का ज्ञान अर्जित कर किया है और विभिन्न जीवों का रेस्क्यू भी कर लेती हैं। आज सुखपाली वन विभाग में काम करने वाली हर महिला के लिए प्रेरणा का श्रोत है तथा इनके सुदासरी में रहने के बाद अब वहां रहने के लिए कई महिलाये तैयार हैं।

सुखपाली, अपनी बेटी को भी एक वन अधिकारी बनाना चाहती हैं।

सुखपाली बताती है कि, आज उनके इस मुकाम के पीछे उनके परिवार और उनके पति का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने इन्हे हर प्रकार से सहयोग किया है, हमेशा घरेलू कार्यों से दूर रख पढ़ाई में आगे बढ़ने के लिए हमेशा साथ दिया है। सुखपाली अपने पति के बारे में भी बताती है कि, “वह मेरे साथ रेगिस्तान में चले आये और हमेशा मेरा साथ दिया, जिसके लिए मैं उनका धन्यवाद करती हूँ।

सुखपाली के अनुसार अवैध मानवीय गतिविधियों से गोडावण के भोजन का प्रमुख़ आधार समाप्त हो जाना भी गोडावण की घटती संख्या का प्रमुख कारण हैं और इन गतिविधियों को तुरंत रोका जाना चाइये। साथ ही वर्तमान समय अनुसार नारी का योगदान इस युग मे अतुलनीय है ऐसे में हर महिला को आगे बढ़कर आना चाइये और मुश्किल कार्यों को भी करने की पहल करनी चाइये।

हम सुखपाली को उनके बुलंद हौसलों और भविष्य में यूँ ही निडर होकर कार्य करने ले लिए धन्यवाद और शुभकामनाये देते हैं।

प्रस्तावित कर्ता: Dr. GV Reddy, सेवनिर्वित हेड ऑफ़ फारेस्ट फोर्सेज (HOFF)

Shivprakash Gurjar (L) is a Post Graduate in Sociology, he has an interest in wildlife conservation and use to write about various conservation issues.

Meenu Dhakad (R) has worked with Tiger Watch as a conservation biologist after completing her Master’s degree in the conservation of biodiversity. She is passionately involved with conservation education, research, and community in the Ranthambhore to conserve wildlife. She has been part of various research projects of Rajasthan Forest Department.

 

वन रक्षक 5:    वन्यजीव प्रेमी एवं रक्षक: स्वरूपाराम गोदारा

वन रक्षक 5: वन्यजीव प्रेमी एवं रक्षक: स्वरूपाराम गोदारा

स्वरूपाराम, एक ऐसा वन रक्षक जिसने न सिर्फ जंगल की आग बुझाकर वन्यजीवों की जान बचाई है बल्कि अपनी जान पर खेल कर अपने साथियों की भी रक्षा करी

रेतीले धोरों की धरती बाड़मेर के एक छोटे से गांव खोखसर में जन्मे “स्वरूपाराम गोदारा” आज वनरक्षक (फॉरेस्ट गार्ड) के रूप में वन-विभाग में भर्ती होकर वन पर्यावरण व जीव जंतुओं के प्रति समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। खोखसर, वह गांव है जहाँ से जाबाज़ प्रतिभावान “श्री खेताराम सियाग” आते हैं जिन्होंने रियो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। ये ऐसा क्षेत्र है जहाँ से स्वरूपराम गोदारा एकमात्र व्यक्ति हैं जो वन विभाग में कार्य कर रहे हैं और वर्तमान में ये अपने गांव ही नही बल्कि उस क्षेत्र के सभी युवा व आमजन के लिए एक प्रेरणा का केंद्र बने हुए हैं। आज उसी का परिणाम हैं कि उस क्षेत्र के सेंकडो युवा वनरक्षक भर्ती प्रतियोगी परीक्षा के लिए तैयारी भी कर रहे हैं।

स्वरूपाराम गोदारा का जन्म 8 जुलाई 1993 को बाड़मेर जिले की गिड़ा तहसील के खोखसर गांव में एक किसान परिवार में हुआ। खोखसर गांव जैसलमेर, बाड़मेर व जोधपुर की सीमा पर बसा हुआ एकमात्र गांव है जो इन तीनों जिलों का केंद्र बिंदु है। इनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव में व उच्च शिक्षा हीरा की ढाणी बाड़मेर में हुई। इनकी विशेषतया कबड्डी में काफी रुचि थी और विद्यालय से ये कई बार जिला स्तर पर कबड्डी खेल चुके हैं। पढाई के दौरान ही इनकी “टीपू देवी” से शादी हो गई थी और आज इनके दो जुड़वा बच्चे भी हैं। बच्चों के बारे में इनके मन में एक सपना हैं कि ये पढ़ लिख कर वन्यजीव संरक्षण के महत्व को समझे और इसी क्षेत्र में आगे बढ़े। स्वरूपाराम की पत्नी टीपू देवी  एक ग्रहणी महिला हैं तथा वह अपने घर परिवार को संभालने हेतु गांव में ही रहती हैं। टीपू बाई अशिक्षित जरूर हैं लेकिन वे अपने परिवार के सभी लोगों व बच्चों को स्वरूपाराम के कार्यक्षेत्र को एक कहानी के रूप में सुनाती रहती हैं।

राजस्थान वन विभाग द्वारा निकाली गई वनरक्षक भर्ती परीक्षा 2015 में इनका चयन हुआ और 13 अप्रैल 2016 को इन्होंने पहली बार माउंट आबू वन्यजीव अभयारण्य में ज्वाइन किया। यहां जॉइन करने के तीन महीने बाद ही इनका चयन सीमा सुरक्षा बल में हो गया था लेकिन प्रकृति व वन्यजीवों के मोह ने इनको वहां से जाने की इजाजत नही दी। ये वनविभाग के साथियों के साथ घुल मिल गए थे और इनमें वन्य क्षेत्र में कार्य करने की रुचि भी बढ़ गयी थी। अभी पांच माह पूर्व ही इनका स्थानांतरण वन मण्डल उपवन संरक्षक बाड़मेर के अधीन हो गया है।

वन में गश्त करते हुए

माउंट आबू अभयारण्य में काम करने के दौरान इन्होने बहुत ही सराहनीय कार्य किये है जिसमें सबसे मुख्य है “उपवन संरक्षक” की जान बचाना। यह बात है कोरोनाकाल की जब नगरपालिका द्वारा वन्य क्षेत्र में साफ-सफाई के लिए अभियान चलाया गया था। इस अभियान के लिए मजदूर भी नगरपालिका की तरफ से ही थे तथा उनकी देखभाल व निगरानी का जिम्मा वन- विभाग कर्मियों का था। स्वच्छता अभियान चल ही रहा था कि, एक दिन स्वरूपाराम सहित उपवन संरक्षक महोदय (श्री बालाजी करी) और एक नेचर गाइड वन में ट्रेकिंग के लिए निकले। ये साथ-साथ आसपास के कचरे का संग्रहण करते हुए आगे बढ़ रहे थे और वन में स्थित अगलेश्वर महादेव मन्दिर पर पहुंच गए। इस मंदिर पर साधु के भेष में एक बाबा रहते थे तो वह साधु बाबा इनसे पूछने लगे कि आप आगे कहां जा रहें हैं ? इन्होने उत्तर दिया कि हम वन विभाग वाले हैं और गश्त के लिए आए हैं। जैसे ही ये नीचे की ओर गए तो वहाँ पर 4-5 साधु और बैठे थे जो अनैतिक गतिविधियां कर रहे थे। तभी पीछे से जो बाबा पहले मिले थे वो भी वहीं आ गए। उपवन संरक्षक साहब ने उनको रोका कि “यह प्रतिबंधित क्षेत्र है और यहाँ नगरपालिका द्वारा साफ सफाई का अभियान चला रहा है और आप इस तरह से यहाँ गंदगी फैला रहे हो, यह उचित नहीं है”। यह बात सुनते ही साधू लोग लड़ाई पर उतारू हो गए और उन्होंने लाठी-डंडे उठा लिए और हमला कर दिया। मुठभेड़ के दौरान स्वरूपाराम के सिर में चोट भी आई लेकिन उन्होंने कोशिश कर के हमलावरों से लाठी छीन ली। परन्तु उनके पास एक कुल्हाड़ी और थी जैसे ही वो कुल्हाड़ी लेकर उपवन संरक्षक की तरफ दौड़े, तो स्वरूपाराम बीच में आ गए और कहा कि “मुझे मार लो पर मेरे बॉस (उप वनसंरक्षक) को कुछ नही होना चाहिए”। यह बात सुन कर भी वह साधु नहीं रुका और जैसे ही वह स्वरूपाराम को मारने के लिए आगे बढ़ा तो स्वरूपाराम ने कुल्हाड़ी को पकड़ लिया और हिम्मत दिखाते हुए उपवन संरक्षक साहब व नेचर गाइड को ऊपर भेजा। जब तक वे ऊपर नही पहुँचे तब तक स्वरूपाराम ने कुल्हाड़ी को रोके रखा। उप वनसंरक्षक के वहां से सुरक्षित निकलते ही स्वरूपाराम भी फुर्ती से वहाँ से निकल लिए।

लगभग सभी संरक्षित वन क्षेत्रों में धार्मिक स्थल स्थित हैं जो की लगातार वन कर्मियों के लिए मुश्किल बने हुए हैं क्योंकि यहाँ पर साधू के रूप में लोग रहने लग जाते हैं जो अनैतिक गतिविधियों को अंजाम देते हैं और इन स्थानों पर आने वाले दर्शनार्थियों की वजह से जंगल में कचरा भी फैलता है।

वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गश्त पर स्वरूपाराम

स्वरूपाराम बताते हैं कि माउंट आबू वन्यजीव क्षेत्र में आग लगने की गंभीर समस्या है, गर्मियों के मौसम में अक्सर वहां आग लगती रहती है जिससे न सिर्फ पेड़ों बल्कि वन में रहने वाले जीवों को बहुत नुक्सान पहुँचता है। स्वरूपाराम के अनुसार यहाँ आग लगने के कुछ मुख्य कारण हैं; आबू पर्वत के चारों ओर व ऊपर के भाग में बहु संख्या में आदिवासी गरासिया जनजाति निवास करती है। यह लोग जंगलों में ही रह कर अपना जीवन यापन करते हैं। पौराणिक मान्यताओं और परंपराओं के अनुसार जब इनके घर, परिवार व समाज में कोई उत्सव या उत्साह का माहौल होता है तो यह लोग जंगल में आग लगाते हैं जिसको “मगरा जलाना” कहते हैं। इस खुशी के माहौल में यह लोग वनों में रहते हुए भी इस प्रकृति के महत्व को नहीं समझ पाते हैं। ऐसी घटनाओं से जीव-जंतुओं व पेड़ पौधों का नुकसान होता हैं और यह वन विभाग के लिए एक गंभीर चिंता का विषय हैं। आदिवासियों के अलावा यहां बांस के थूरों की बहुतायता है और गर्मी में बांस में घर्षण के कारण भी यहाँ आग लग जाती हैं।

एक बार इसी आदिवासी समुदाय की लापरवाही के कारण वन में आग लगा दी गयी और आग इतनी जबरदस्त थी कि, वह धीरे-धीरे करीब 500 हेक्टेयर वन्य क्षेत्र में फैल गई। पिछले तीस वर्षों में ऐसी भयावह आग कभी नहीं देखी थी और इस आग को लेकर स्थानीय लोग भी डरे हुए थे।

उस समय स्थिति ऐसी बन गई कि आग बुझाने के लिए वन विभाग को हेलीकॉप्टर उपयोग में लेना पड़ा, परन्तु वह प्रयास कारगर साबित नहीं हो पाया।  क्योंकि हेलीकॉप्टर पानी भर कर जब तक ऊपर पहुंचता था तब तक 15 मिनट का समय लग जाता था और आग काफी तेजी के साथ आगे बढ़ रही थी। उस भयानक स्थिति को देखते हुए वायुसेना के जवान भी सहायता के लिए बुलाए गए और उपवन संरक्षक ने लोहे के पंजे मंगवाए और जिसकी सहायता से सभी कर्मियों ने झाड़ियों व वृक्षों को आग से दूर करना शुरू किया, लम्बी झाड़ियों को कुल्हाड़ी से काटकर आग से दूर किया और लगातार 17 दिन के प्रयास के बाद आग पर काबू हो पाया।

इसके बाद स्वरूपाराम ने जंगल में आग बुझाने के लिए कई तरीके सुझाये और नए रास्तों का पता लगाया जिनका आग के समय में इस्तेमाल किया जा सकता है।

जंगल में लगी आग को बुझाते हुए स्वरूपाराम

स्वरूपाराम बताते हैं कि विभाग में वन्य प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती है जैसे आग की घटनाएं, शिकारियों की घटनाएं व जंगल में बाहर से घूमने का बहाना लेकर कुछ असामाजिक तत्वों के जमावड़ा आदि प्रमुख़ हैं। इनकी निगरानी के लिए उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन व ग्रामीणों के सहयोग से समाधान निकालना पड़ता है। स्थानीय ग्रामीण लोगों के सहयोग से ही घने जंगल, दुर्गम पहाड़ी, रास्ता खोजना व अवैध गतिविधियों के बारे में जानकारी मिलती रहती हैं।

माउंट आबू एक घना जंगल है और यहां भालुओं की आबादी भी अच्छी है और उनके लिए प्रयाप्त भोजन भी है। वन्यजीव गणना के मुताबिक माउंट आबू के संरक्षित क्षेत्र के जंगलों में लगभग 300 से अधिक भालू हैं। यहां अक्सर सड़क के किनारे भालू को घूमते हुए देखा जा सकता है और कभी कभार भालू आबादी क्षेत्र में भी घुस जाते हैं। एक बार भालू जंगल से बाहर निकल कर गाँव गुफानुमा के आबादी क्षेत्र में आ गया और एक घर में अंदर घुस गया। आसपास के लोगों के द्वारा विभाग के पास सूचना पहुंची और स्वरूपाराम एवं टीम ने मौके पर पहुँचकर उसे देखा तो वह न तो आगे जा पा रहा है और न ही पीछे आ पा रहा था। तभी स्वरूपाराम ने सूझबूझ से काम लेते हुए पिंजरा मंगवाया और उसे सही सलामत रेस्क्यू करके जंगल मे ले जाकर छोड़ दिया।

वन क्षेत्र में कार्य करने के दौरान कई बार अवैध शिकार की घटनाएं सामने आती हैं और इस प्रकार की घटनाओ में स्वरूपाराम ने बड़ी ही हिम्मत और सतर्कता से कार्य करते हुए शिकारियों को भी पकड़ा है। एक बार ड्यूटी के दौरान आबू क्षेत्र के ज्ञान सरोवर के पास स्वरूपाराम गश्त कर रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि एक शिकारी ने भालू को पकड़ने के लिए तार का फंदा लगा रखा था और उसी जगह के आसपास भालू के बाल, अंग व नाखून बिखरे हुए थे। स्वरूपाराम व उनके साथियों ने शिकारी को खोजना शुरू कर दिया। काफी कोशिशों के बाद आसपास के ग्रामीण लोगों द्वारा मालूम हुआ की यह शिकारी और कोई नहीं बल्कि सोमाराम था जो योगी समाज का व्यक्ति था और लगातार शिकार की घटनाओं में शामिल रहता था तथा कभी पकड़ा नहीं जाता था। सारी सुचना मिलते ही स्वरूपाराम व उनकी टीम ने शिकारी को गिरफ्तार करने के लिए एक गुप्त योजना बनाई। योजना के मुताबिक स्वरूपाराम भेस बदलकर शिकारी के घर एक ग्राहक बनकर गए। शिकारी के घर पर एक महिला मौजूद थी जिससे स्वरूपाराम भालू के कुछ अंगों की जरूरत व उनको खरीदने की इच्छा के बारे में बताया। उस महिला ने कहा कि “अभी घर पर कोई नहीं है मेरा बेटा अभी बाहर है उसको आने दो मैं आपको दे दूंगी”। स्वरूपाराम ने मोबाइल नंबर ले लिए  और उसको कॉल करके ग्राहक की तरह बात करी। सामने ग्राहक देख शिकारी भी पैसों के प्रलोभन में आ गया और सौदा पक्का कर दिया। फिर सौदा होने की जगह पर विभाग की पूरी टीम ने छापा मारा और शिकारी सोमाराम और उसके बेटे को पकड़ लिया। गिरफ्तार होने के बाद उसने कई राज भी खोलें और उसके बाद ऐसा सबक लिया कि उसने शिकार करने का धंधा ही छोड़ दिया।

स्वरूपा राम बताते हैं कि माउंट आबू अभ्यारण्य का पूरा क्षेत्र पिकनिक स्पॉट के लिए प्रसिद्ध है देश-विदेश के सैलानी यहाँ पर आते-जाते रहते हैं। सैलानियों को लेकर भी वन प्रबंधन काफ़ी चिंतित रहता हैं क्योंकि कुछ ऐसी किस्म के लोग भी यहाँ आते हैं जिनको वन संपदा व वन्यजीवों के महत्व से  कोई मतलब नहीं होता बल्कि ये लोग सिर्फ मौज मस्ती के लिए घूमने यहाँ आते हैं। वन्य क्षेत्र में कचरा फैलाना, शराब पीना ऐसी अनैतिक गतिविधियों से परेशान होकर स्वरूपाराम उनको समझाते भी है परन्तु लोगों के बर्ताव में कोई फर्क नहीं आया। और जब

ऐसी गतिविधियां बढ़ने लगी तो विभाग वालों ने कैमरा लगाना शुरू कर दिया जिसके बाद कोई भी वन में अवैध रूप से आता था तो उन्हें पकड़ कर कार्रवाई करी जाने लगी।

 

स्वरूपराम समझते हैं कि आज जिस तरह से अवांछित मानवीय गतिविधियों के कारण पर्यावरण ख़राब हो रहा है उसके लिए जंगलों को सख्ती से बचाने और बनाए रखने की बहुत बड़ी जरूरत है। केवल ऐसा करने से हम सभी जीवों के भविष्य को बचा सकते हैं। दुनियाभर के वैज्ञानिक, पर्यावरण विशेषज्ञ, आदि वन संरक्षण की आवश्यकता पर ज़ोर दे रहे हैं। सरकारों ने जंगली प्रजातियों की रक्षा के लिए अभयारण्य बनाए हैं। वन संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण काम संभवतः ‘वृक्षारोपण’ सप्ताह देखकर किया नहीं जा सकता। इसके लिए वास्तव में महत्वपूर्ण योजनाओं की तर्ज पर काम करने की आवश्यकता है। यह भी एक या दो सप्ताह या महीनों के लिए नहीं बल्कि सालों के लिए तभी तो पृथ्वी का जीवन उसके पर्यावरण और हरियाली की सुरक्षा संभव हो सकती है।

प्रस्तावित कर्ता: श्री बालाजी करी (उप-वन संरक्षक उदयपुर (उत्तर), डॉ सतीश कुमार शर्मा (सेवा निवृत सहायक वन संरक्षक उदयपुर)

लेखक: 

Shivprakash Gurjar (L) is a Post Graduate in Sociology, he has an interest in wildlife conservation and use to write about various conservation issues.

Meenu Dhakad (R) has worked with Tiger Watch as a conservation biologist after completing her Master’s degree in the conservation of biodiversity. She is passionately involved with conservation education, research, and community in the Ranthambhore to conserve wildlife. She has been part of various research projects of Rajasthan Forest Department.

 

 

वन रक्षक 4: “आई लव माई खेतोलाई”: कमलेश बिश्नोई

वन रक्षक 4: “आई लव माई खेतोलाई”: कमलेश बिश्नोई

कमलेश, बिश्नोई समाज का वह बालक जिसने अपने दादाजी के साथ ऊंट चराते हुए वन्यजीवों के बारे में सीखा और आज वन-रक्षक बन गोडावण सहित अन्य वन्यजीवों की रक्षा कर रहा है

“आई लव माई खेतोलाई”, खेतोलाई राजस्थान पोखरण में स्थित वह जगह है जहाँ प्रधानमंत्री स्व.श्री अटल बिहारी वाजपेई ने अपनी सूझबूझ साहस और दूरदर्शिता दिखाते हुए 11 मई 1998 को परमाणु परीक्षण किया था। उस परमाणु परीक्षण के इंचार्ज मिसाइल मैन स्व. श्री ए. पी.जे.अब्दुल कलाम थे। श्री कलाम साहब ने 2002 में राष्ट्रपति पद संभालने के बाद एक अंग्रेजी अखबार के इंटरव्यू में कहा था “आई लव माई खेतोलाई ।

इसी पोखरण की धरती में जन्म लेने वाले प्रकृति प्रेमी, कोमल ह्रदय कमलेश विश्नोई आज वनरक्षक में भर्ती होकर वन सम्पदा, जीव-जंतुओं एवं वन्य प्राणियों के प्रति समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं।

कमलेश बिश्नोई का जन्म 1 जुलाई 1990 को जैसलमेर जिले की पोखरण तहसील के खेतोलाई गांव में एक पशुपालक परिवार में हुआ। बचपन में ही जब इनकी उम्र मात्र 6 वर्ष थी इनके सिर से पिता का साया उठ चुका था। माता गृहणी थी और इनके दादाजी ऊंट चराते थे और घर चलाते। बचपन में कमलेश भी अपने दादाजी के साथ ऊंट चराने जाया करते थे, क्योंकि इनको ऊँटो की सवारी करना बहुत पसंद था। जब ये अपने दादाजी के साथ जाया करते थे तो आसपास की वनस्पतियां और जीव-जंतु इनको बड़ा आकर्षित करते थे और ये उनके बारे में अपने दादाजी से पूछते रहते थे और दादाजी इनको उन सभी जंतुओं के ग्रामीण नाम व उनकी विशेताएं बताया करते थे।

एक बार ये अपने दादाजी के साथ एक तालाब के पास बैठे हुए थे और तब इन्होने पहली बार ग्रेट इंडियन बस्टर्ड (गोडावण) को देखा तभी से इनके मन वन्यप्राणियों के प्रति लगाव और उनको बचाने का जज़्बा आ गया और उस समय इनको लगा कि “मैं वन विभाग में ही कार्य करू जिससे मैं प्रकृति का प्रेमी बन सकू” साथ ही इनके दादाजी भी चाहते थे कि ये वनकर्मी बने और वे इन्हें प्रेरित भी करते रहते थे। कठिन घरेलू परिस्थितियों के चलते हुए भी इन्होंने हिम्मत नही हारी और बुलन्द हौसलों व जज्बातों के साथ एक उज्ज्वल व सफल भविष्य की ओर अग्रसर हो गए। इनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही हुई व कक्षा 9 और 10 की पढ़ाई इन्होंने सागरमल गोपा स्कूल जैसलमेर से की थी 11वीं व 12वीं की पढ़ाई इन्होंने जयपुर से की थी इसी दौरान ये अंडर 16 व अंडर 18 में 800 मीटर तक की दौड़ में चार बार राष्ट्रीय स्तर पर खेलने भी गए थे। वर्ष 2013 में इनका वनरक्षक के पद पर चयन हुआ और ये सफलता इनके परिवार के लिए एक संजीवनी व इनके दादाजी के सपनो को साकार करने वाली थी।

विश्नोई समाज से आने वाले कमलेश बताते हैं कि हिरन को हम अपने परिवार का हिस्सा ही मानते है। यहां तक की इस समुदाय के पुरुषों को अगर जंगल के आसपास कोई लावारिस हिरन का बच्चा या हिरन दिखता है तो वह उसे घर पर लेकर आते हैं फिर अपने बच्चे की तरह उसे पालते हैं। यहां तक बिश्नोई समाज की महिलाएं भी हिरनों को एक मां का पूरा प्यार देती हैं। प्रारंभिक शिक्षा के दौरान जैसे कभी कोई हिरन का बच्चा बीमार या दुर्घटना से घायल इनको मिल जाता था तो ये अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसके इलाज की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराते थे।

घायल चिंकारा का इलाज करते हुए कमलेश

कमलेश की पहली पोस्टिंग कुम्भलगढ़ नाका (राजसमंद) में हुई और वर्तमान में ये वन्य जीव चौकी चाचा डेजर्ट नेशनल पार्क में तैनात हैं। वर्ष 2016 में जब इन्होने डेजर्ट नेशनल पार्क को ज्वाइन किया तो उस समय श्री अनूप के आर उप वन संरक्षक के पद पर कार्यरत थे। वन संरक्षक हमेशा गोडावण के संरक्षण के प्रति सोचते व कार्य करते रहते थे, तब कमलेश को भी बचपन में देखे हुए गोडावण की याद आ गई जिसके बारे में इनको बाद में पता चला था कि ये राज्य पक्षी है। तो साहब की प्रेरणा से कमलेश की भी “गोडावण बचाओ” के प्रति रुचि बढ़ती चली गई और इन्होने वन संरक्षक के निर्देशानुसार स्थानीय सरपंच व गांव वालों के सहयोग से डेढ़ सौ हेक्टेयर में एक व्यवस्थित ढंग से क्लोजर भी बनवाया था जिसे आसपास के लोग देखने भी आते हैं।

अपना कार्यभार संभालने के बाद जब कमलेश रोज़ पार्क में गश्त के लिए जाया करते थे तो इन्हे अनेक छोटे-छोटे गड्ढे देखने को मिलते थे जिनके बारे में इन्होने वहां घूमने वाले चरवाहों से जानकारी जुटाना शुरू किया। तब इनको मालूम कि भील समुदाय से आने वाले कुछ लोग जो अवैध गतिविधियों में शामिल हैं स्पाईनि टेल्ड लिजार्ड जिसको स्थानीय भाषा मे “सांडा” छिपकली कहा जाता है का शिकार करते हैं। क्योंकि ऐसा माना जाता है कि सांडा के ऊपरी हिस्से में से तेल निकलता है जो औषधि बनाने के काम में आता है। धीरे-धीरे कमलेश ने चरवाहों व पशुपालकों को विश्वास में लेने एवं उनका मनोबल बढ़ाने के लिए, वन संपदा और जीव-जंतुओं का प्रकृति में महत्व को समझाना शुरू किया। इस पहल से 8-10 चरवाहे कमलेश के लिए विश्वासपात्र मुखबिर बन गए और अपराधियों के नाम, पते और गतिविधियां बताने लगे। वर्तमान में 40 चरवाहे ऐसे हैं जो कमलेश को सहयोग करते हैं। कमलेश भी उन्हें जरुरत पड़ने पर सहायता करते हैं और ग्रामीण क्षेत्र में ये एक पहल हैं जो इनके बीच में सम्बन्धों को मधुर बनाने के लिए सामंजस्य स्थापित करती हैं।

इन चरवाहों के माध्यम से कमलेश ने चार बार सांडा के शिकारियों को पकड़ा। एक बार ये पोखरण थे तब इन्हे सुचना मिली कि, “रामदेवरा के पास तीन आदमी अभी-अभी साइकिल से आए हैं और वो ज़मीन खोद रहे हैं”। सुचना मिलते ही कमलेश ने अपनी पूरी टीम के साथ उनके ऊपर धावा बोलकर उनको पकड़ लिया जिनके पास से 6 सांडे बरामद हुए थे। बाद में उनके ऊपर कानूनी कार्रवाई की गई। इसी प्रकार ऐसा ही केस और आया ये घटना लोहारकी गांव के पास की हैं जब रात के समय गांव के स्थानीय लोग कहीं बाहर से आ रहे थे तो उनकी गाड़ी की लाइट में उन्होंने कुछ अवैध व्यक्तियों को सांडा के बिलों को खोदते हुए देखा तो उन लोगों ने तुरंत कमलेश को सूचित किया। सुचना मिलते है वन कर्मी टीम के साथ वहां पहुंचे और उनको पकड़कर उनपर कानूनी कार्रवाई की।

ऐसे ही एक बार कमलेश जंगल में एक पेड़ के नीचे बैठे थे तो उन्हें आदमी दिखा जिसका केवल सिर ही नज़र आ पा रहा था। वो एक पहाड़ी से नीचे की तरफ जा रहा था तो जैसे ही कमलेश पास गए तो पाया कि वहां दो आदमी थे और उन्होंने 16 सांडे खोदकर रखे हुए थे। कमलेश उस समय अकेले थे तो उन्होंने बुद्धिमता से काम लेते हुए रेंजर व अपने साथियों को फोन से मैसेज कर दिया और दूसरी ओर शिकारियों बातों में उलझाते रहे। इस से पहले कि शिकारी कमलेश को पहचान पाते वन-विभाग के अन्य लोग वहां पर पहुंच गए और अपराधियों को पकड़ लिया। एक बार और शिकारियों कि सुचना मिली थी परन्तु पहुंचने से पहले ही वे भाग गए थे तथा वहां से कुछ हथियार व 10 सांडे बरामद हुए थे।

शिकारियों से बरामद किये हुए सांडा

कमलेश बताते हैं कि “अवैध कार्यों में शिकारियों को गिरफ्तार करवाने पर मुझे जनप्रतिनिधि व असामाजिक तत्वों की धमकी भी सुनने को मिलती है लेकिन हम बिश्नोई समुदाय से आते हैं इसलिए जीव जंतुओं को हम हमेशा दया की भावना से ही देखते हैं तथा हमको कितनी भी धमकियां मिले लेकिन हम घबराते नहीं हैं”। साथ ही कमलेश मानते हैं कि आपराधिक तत्वों पर लगाम लगाने में कहीं न कहीं सुचना देने वाले ग्रामीण व चरवाहों का भी महत्वपूर्ण योगदान हैं।

कमलेश बताते हैं कि, आसपास के इलाके में चिंकारा का शिकार भी किया जाता है। एक घटना ऐसी हुई जब गांव के एक व्यक्ति ने सूचना दी कि “मावा गाँव के पास दो गाड़ियों पर चार व्यक्ति हैं और हिरन को मारने कि कोशिश कर रहे हैं, मई यहीं पर छिप कर बैठा हूँ आप जल्दी आजाओ “। चिंकारा का शिकार करने का यह सामान्य तरीका है, जब चिंकारा पानी पीता है तो तुरंत भाग नहीं पाता है ऐसे में शिकारी चिकारा कि तरफ गाड़ी चालते हैं। चिंकारा भागता है लेकिन जल्दी थक जाता है और मारा जाता है। उन शिकारियों ने भी चिंकारा के पीछे दौड़ा कर उसे मार दिया था तथा उसे जाल में डालकर शरीर को चीर रहे हैं। सुचना मिलते ही कमलेश ने स्टाफ के अन्य साथियों को सूचना दी और वहां पहुंचे थे। विभाग कि टीम के वहां पहुंचने से पहले वे शिकारी तीन और चिंकारा मार चुके थे। घटना स्थल पर पहुंचते ही उन शिकारियों को तुरंत गिरफ्तार किया गया व कानूनी कार्यवाही की तथा उनको तीन महीने की जेल भी हुई। जेल से बाहर आने के बाद वे लोग कमलेश को धमकियाँ देने लगे। परन्तु ऐसी धमकियाँ कमलेश के जुनून व हौसले को कमजोर नहीं कर पाई।

समय के साथ-साथ कमलेश को विभिन प्रकार कि नई चीज़ें भी सीखने को मिली हैं, वरिष्ठ साथियों का अनुभव व अधिकारियों के मार्गदर्शन ने इनके इरादों को इतना मजबूत कर दिया कि प्रतिदिन इन्हे वन्य क्षेत्र में नया कार्य करने के लिए उत्सुकता रहती हैं। वर्ष 2019 में उपवनरक्षक महोदय ने कमलेश को बताया कि, “एक गोडावण ने अंडे दिए हैं और आपको विशेष तौर से उसकी निगरानी करनी होगी”। यह बात सुनते ही कमलेश इस कार्य के लिए तैयार हो गए और उस गोडावण व उसके अण्डों की सुरक्षा की जिम्मेदारी ले ली। कमलेश ने जरूरत का सारा सामान व एक टेंट पैक किया और उस स्थान के पास पहुँचा जहाँ गोडावण ने अंडे दिए थे। गोडावण को उनकी उपस्थिति से कोई परेशानी न  हो इस बात को समझते हुए उन्होंने 100 मीटर की दुरी रखते हुए एक अस्थायी तम्बू तैयार किया। मादा गोडावण सुबह 9 बजे पानी पीने के लिए ताल पर जाती थी और सुबह-शाम भोजन के लिए इधर उधर टहलती थी और उस समय कमलेश उसके घोंसले की पूरी मुस्तैदी निगरानी करते थे ताकि कोई बाज़ या लोमड़ी अण्डों पर हमला न करदे।

गोडावण एक शर्मीला पक्षी होता है और इस बात को समझते हुए कमलेश टेंट में ऐसे रहते थे की जैसे वहां कोई है ही नहीं। ये पूरे 28 दिन तक उस तम्बू में रहे। गोडावण गर्मियों में अंडे देता है और उस समय पोखरण में रेत के धोरों पर दैनिक तापमान 45-46 डिग्री तक पहुँच जाता है और ऐसे तेज़ गर्मी वाले वातावरण में रहना बड़ा चुनौतीपूर्ण कार्य है। परन्तु यह एक बड़ी ज़िम्मेदारी जिसे कमलेश ने भलभाँति निभाया।

आज अधिकतर संरक्षित क्षेत्रों के आसपास मानव बस्तियां हैं और इन बस्तियों में आवारा कुत्तों की बढ़ती आबादी वन्यजीवों के लिए मुश्किल बनती जा रही है। ये आवारा कुत्ते संरक्षित क्षेत्रों की सीमा के अंदर भी जाने लगे हैं तथा कई बार बाहर आने वाले जानवर जैसे की हिरन, चिंकारा और नीलगाय को घायल कर देते हैं। ऐसी की मुश्किल कमलेश के कार्य क्षेत्र में भी है। कमलेश बताते हैं की “जब से मैंने यहाँ कार्यभार संभाला है रोज कुत्तों द्वारा एक न एक दिन हिरण को घायल करना, मार देना ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। वन क्षेत्र के आसपास गाँव हैं जिधर अधिकतर लोगो ने अपने खेतों की तार बाढ़ कर रखी है। ऐसे में भोजन की तलाश में कई चिंकारे इधर-उधर भटक जाते हैं तो रास्ता तलाश कर खेतों में प्रवेश कर जाते हैं और पीछे से कुत्ते भी खेतों में घुस जाते हैं और चिंकारा का पीछा करते हैं। रास्ता न मिल पाने के कारण वो इधर उधर टकराकर घायल हो जाता है और कुत्ते उसको आसानी से मार देते है। इस परेशान को देखते हुए कमलेश ने अपने उच्च अधिकारियों से सम्पर्क किया और इस समस्या का समाधान ढूंढना शुरु किया। इन्होने विभाग से एक पिंजरा लाकर ग्रामीणों के सहयोग से उनको पकड़ना शुरू किया। इनकी सोच कुत्तो के खिलाफ नही थी बल्कि ऐसी घटनाओं की रोज पुनरावृत्ति न हो इसीलिए इन्होने कुत्तों को पकड़ कर अन्यत्र स्थान पर ले जाकर छोड़ा जहाँ उन्हें भोजन भी मिल जाए और कोई वन्यजीव को खतरा भी न हो। इसी प्रकार से कमलेश अभी तक और अब तक 250 कुत्तो को ग्रामीणों के सहयोग से अन्यत्र स्थान पर छोड़ चुके हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कमलेश

कमलेश बताते हैं कि वर्ष 2019 में, कमलेश के इन सभी कार्यों को देखते हुए टाइगर वॉच संस्था और वाइल्ड लाइफ क्राइम कण्ट्रोल ब्यूरो (WCCB) द्वारा पुरुस्कृत भी किया गया है। साथ ही श्री कपिल चंद्रवाल, उप-वनसंरक्षक डेजर्ट नेशनल पार्क कमलेश के बारे में बताते हैं कि “कमलेश एक बहुत ही आश्वस्त और समर्पित वन रक्षक है। वह न केवल अपने कर्तव्य की भावना कार्य करते हैं, बल्कि वन्यजीवों के प्रति गहरी लगन और प्रेम से भी प्रेरित हैं। इनका स्थानीय लोगों के साथ एक अच्छा संपर्क है और संरक्षण के लिए समुदाय के समर्थन का होना बहुत जरुरी होता है”।

कमलेश बताते हैं कि उनकी शादी 2011 में हो गई थी और उनके दो बच्चे हैं। इनकी पत्नी भी चिंकारों के संरक्षण में रुचि रखती हैं उन्होने ने भी चिंकारे के बच्चे पाल-पालकर बड़े किए हैं फिर उनको जंगल मे छोड़ा हैं। आज जब इनके घर कोई अतिथि आता है और बच्चों से पूंछते हैं कि बेटा तुम्हारे पापा क्या करते हैं तो इनके बच्चे बड़े गर्व से कहते हैं कि “पापा गोडावण बचाते हैं”। और इसके चलते परिवार व सगे सम्बंदियो के लिए तो यह स्लोगन बन चुका हैं कि “कमलेश एक गोडावण प्रेमी” हैं।

कमलेश बताते हैं कि गोडावण संरक्षण को लेकर विभाग स्तर पर सराहनीय प्रयास किए गए हैं। गोडावण प्रजनन व रहवासी स्थलों पर खुफिया कैमरों की नजर, अंडों के सुरक्षा के पुख्ता प्रबंधन, क्लोजरों में पानी की समुचित व्यवस्था, गोडावण रहवासी क्लोजरों में अन्य हिंसक वन्यजीवों के प्रवेश पर पाबंदी जैसी सुविधाओं का विस्तार कर गोडावण संरक्षण को लेकर विशेष कार्य किए गए हैं। और आगे बहुते से अन्य जरुरी कदम भी उठाये जाएगी जिनसे हमारे राज्य पक्षी गोडावण को बचाया जा सके।

हम कमलेश को उनके अच्छे कार्यों के लिए शुभकामनाये देते हैं।

प्रस्तावित कर्ता: श्री कपिल चंद्रवाल, उप-वन संरक्षक डेजर्ट नेशनल पार्क 
लेखक:

Shivprakash Gurjar (L) is a Post Graduate in Sociology, he has an interest in wildlife conservation and use to write about various conservation issues.

Meenu Dhakad (R) has worked with Tiger Watch as a conservation biologist after completing her Master’s degree in the conservation of biodiversity. She is passionately involved with conservation education, research, and community in the Ranthambhore to conserve wildlife. She has been part of various research projects of Rajasthan Forest Department.